मंडेला के स्वास्थ्य को लेकर चिंताएँ

दक्षिण अफ़्रीका की सत्तारूढ़ पार्टी अफ़्रीकन नेशनल कांग्रेस ने नेल्सन मंडेला के स्वास्थ्य को लेकर चल रही अटकलों पर ध्यान न देते हुए शांति बनाए रखने की अपील की है.
नेल्सन मंडेला के जोहनेसबर्ग में स्वास्थ्य संबंधी परीक्षण किए जा रहे हैं.
अफ़्रीकी नेशनल कांग्रेस के प्रवक्ता ने कहा कि घबराने की ज़रूरत नहीं है.
नेशनल मंडेला फाउंडेशन का कहना है कि नेल्सन मंडेला को कोई ख़तरा नहीं है और वे ठीक ठाक हैं.
उन्हें देखने के लिए अनेक लोग आए जिनमें उनकी पत्नी ग्रासा और पूर्व पत्नी विनी शामिल हैं.
लेकिन अस्पताल के बाहर पत्रकारों और टीवी कर्मियों की भारी भीड़ के कारण पुलिस को बुलाना पड़ गया.
रंगभेद के प्रतीक
उल्लेखनीय है कि दक्षिण अफ्रीका में अन्याय और रंगभेद के ख़िलाफ़ नेल्सन मंडेला संघर्ष के प्रतीक माने जाते हैं.
हिंसा के ज़रिए सरकार का तख़्ता पलट करने का आरोप लगाकर उन्हें 1964 में आजीवन कारावास की सज़ा सुनाई गई थी.
दक्षिण अफ़्रीकी सरकार ने बढ़ते राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दबाव को देखते हुए 27 साल बाद 1990 में उन्हें जेल से रिहा कर दिया और उनकी पार्टी एएनसी पर लगा प्रतिबंध हटा दिया था.
चार साल बाद 1994 में दक्षिण अफ़्रीका में चुनाव हुए थे जिन्हें देश का पहला ऐसा चुनाव कहा गया जो नस्ल के आधार पर नहीं हुआ था.
इन चुनावों में नेल्सन मंडेला को भारी बहुमत से दक्षिण अफ़्रीकी का पहला काला राष्ट्रपति चुना गया.
पूरी दुनिया में नेल्सन मंडेला अन्याय और रंगभेद के ख़िलाफ़ संघर्ष के महानायक के तौर पर जाने जाते हैं.


Click it and Unblock the Notifications