भारत, पाक के साथ सभी मुद्दों पर वार्ता को तैयार : कृष्णा (लीड-1)
विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा ने बुधवार को कहा कि भारत और पाकिस्तान को अपने कुछ मतभेदों को दरकिनार कर विकास की चुनौती पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए तथा विरोधात्मक पूर्वाग्रह को बदलना चाहिए, ताकि दोनों के बीच लम्बित मुद्दों पर चर्चा हो सके।
आठ दिवसीय यात्रा पर भारत आए पाकिस्तानी पत्रकारों के एक समूह के साथ बातचीत में कृष्णा ने कहा, "पाकिस्तान को यह आशंका हो सकती है कि भारत सभी प्रमुख मुद्दों पर वार्ता की इच्छा रखता है या नहीं, लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि भारत उन सभी मुद्दों पर चर्चा को करने को तैयार है, जिस कारण हमारे रिश्ते में खटास पैदा हुई और रिश्तों में तनाव आया।"
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सबसे बड़ी समस्या विश्वास की कमी होना है। कृष्णा ने इस बात पर भी जोर दिया कि दोनों देशों को अपने कुछ मतभेदों को पीछे छोड़ना होगा तभी विकासात्मक मुद्दों पर आगे का रास्ता अख्तियार किया जा सकेगा। "इसके लिए विश्वास जरूरी है और हमें इस विश्वास की कमी को पाटने के लिए एक तंत्र विकसित करने की जरूरत है।"
कृष्णा ने पाकिस्तानी पत्रकारों से कहा कि 26/11 के आतंकी हमले ने भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्तों में खटास पैदा की। जरूरत इस बात की है कि वर्ष 2004 में शुरू हुई वार्ता प्रक्रिया को फिर से शुरू किया जाए।
उल्लेखनीय है कि इस समूह में 13 वरिष्ठ पत्रकार शामिल हैं जो इलामाबाद, लाहौर और कराची के समाचारपत्रों, समाचार चैनलों एवं पत्रिकाओं से जुड़े हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications