तिरंगा मामले में अदालत जा सकती है भाजपा
नई दिल्ली, 26 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्र व जम्मू एवं कश्मीर की सरकार द्वारा श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराने से रोके जाने को असंवैधानिक और आपराधिक कृत्य करार देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा है कि वह इस मामले में अदालत का दरवाजा खटखटा सकती है।
भाजपा की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने राष्ट्रीय एकता यात्रा निकाली थी। इस यात्रा में शामिल हुए युवाओं के सम्मान में आयोजित एक कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कहा, "यह अवैध और आपराधिक है। मैं समझता हूं कि हमें अदालत का दरवाजा खटखटाना चाहिए।"
आडवाणी ने सुषमा स्वराज, अरुण जेटली और अनंत कुमार को जम्मू हवाईअड्डे पर रोके जाने के लिए भी दोनों सरकारों की आलोचना की।
उन्होंने कहा, "निषेधाज्ञा के तहत लोगों को वापस भेजे जाने का प्रावधान ही नहीं है।"
उन्होंने कहा, "यह कैसे हो सकता है। मैंने प्रधानमंत्री से यह बात कही है।"
पार्टी के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली और सुषमा स्वराज तथा भाजयुमो अध्यक्ष अनुराग ठाकुर सहित अन्य कार्यकर्ता बुधवार को दिल्ली वापस लौट आए। ठाकुर ने इस यात्रा का नेतृत्व किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications