दबंगों से परेशान किसान ने की आत्महत्या की कोशिश
सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नसरुल्ला गंज तहसील के इटावा गांव का किसान गंगाराम पिछले कुछ महीनों से गांव के कुछ दबंगों से परेशान था। इन दबंगों ने उसके खेत की ओर जाने वाले रास्ते को जबरन हथिया लिया था। गंगाराम ने इसकी पुलिस में भी शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई न होने से परेशान होकर उसने नसरुल्लागंज तहसील कार्यालय के समीप जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की।
सीहोर के जिलाधिकारी संदीप यादव ने गंगाराम के जहर पीने की पुष्टि की है। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि कुछ दबंगों ने पहले भी उसके खेत की ओर जाने वाले रास्ते पर कब्जा किया था, लेकिन उसे खाली करा लिया गया था और दोषियों को जेल भेजा गया था।
गत 13 नवम्बर को ही ये अपराधी जेल से रिहा हुए हैं और रिहाई के बाद एक बार फिर उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया। यादव ने कहा कि गंगाराम ने इसकी शिकायत की थी और उसकी शिकायत के आधार पर हम कार्रवाई भी कर रहे थे, लेकिन उसने हड़बड़ी में यह कदम उठा लिया। उन्होंने कहा कि भोपाल के हमीदिया अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे


Click it and Unblock the Notifications