येदियुरप्पा ने गलतियां न दोहराने का किया वादा
मैसूर, 27 जनवरी (आईएएनएस)। भूमि आवंटन मामले में भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा ने गुरुवार को स्वीकार किया कि उन्होंने कुछ गलतियां की हैं और वह उन्हें दोहराएंगे नहीं।
एक यज्ञ समारोह में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा, "मैंने कई गलतियां की हैं। मैं अब और गलतियां नहीं करूंगा।"
येदियुरप्पा ने कहा, "मैं अब अपनी आलोचना करने वालों सहित सभी को साथ लेकर चलूंगा और राज्य के विकास के लिए काम करूंगा।"
मंदिर में दर्शन के लिए अक्सर आने वाले मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के दिनों में उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ा है, लेकिन यज्ञ में शामिल होने से उनके मस्तिष्क को शांति मिली।
ज्ञात हो कि येदियुरप्पा अपने रिश्तेदारों को भूमि आवंटन मामले में भ्रष्टाचार का सामना कर रहे हैं। राज्यपाल हंसराज भारद्वाज ने मुख्यमंत्री पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर उनके खिलाफ आपराधिक अभियोग चलाने की अनुमति दी है।
राज्यपाल से अनुमति मिलने के बाद दो वकीलों ने मुख्यमंत्री के खिलाफ बेंगलुरू की अदालत में गत शनिवार और सोमवार को पांच शिकायतें दाखिल कराईं।
मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार को आधार बनाकर विपक्ष द्वारा उनसे पद छोड़ने कि की जा रही मांग पर टिप्पणी करने से इंकार किया।
येदियुरप्पा ने कहा, "मैं अपने खिलाफ हो रही आलोचना पर कोई टिप्पणी अथवा प्रतिक्रिया नहीं दूंगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications