ईंधन कीमतों में इजाफा व्यावहारिक नहीं : रेड्डी
नई दिल्ली, 27 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री एस. जयपाल रेड्डी ने शुक्रवार को डीजल और अन्य गैर पेट्रोल उत्पादों की मूल्य वृद्धि का खंडन किया है। उन्होंने स्वीकार किया कि मूल्य वृद्धि करना राजनीतिक रूप से सम्भव नहीं होगा।
एक संवाददता सम्मेलन में यह पूछे जाने पर कि क्या डीजल और अन्य ईंधनों की कीमतें बढ़ाया जाना राजनीतिक रूप से बहुत संवेदनशील है, इसके जवाब में रेड्डी ने कहा, "सर्वप्रथम जवाब आपके प्रश्न में है। इसका उत्तर देना राजनीतिक रूप से मुश्किल है।"
उन्होंने कहा, "हम एक लोकतंत्र में काम कर रहे हैं, किसी तानाशाही व्यवस्था में नहीं। जो कुछ भी राजनीतिक रूप से व्यावहारिक है वह उचित है।"
ज्ञात हो कि पेट्रोल पदार्थो में मिलावट रोकने के लिए सरकारी नीतिगत फैसलों की घोषणा के लिए संवाददाता सम्मेलन को बुलाया गया था।
सरकार ने नई नीति का निर्माण महाराष्ट्र में स्थानीय केरोसिन माफिया द्वारा अतिरिक्त जिलाधिकारी यशवंत सोनवणे को जिंदा जलाने की घटना के बाद किया है।
दावोस में विश्व आर्थिक मंच की बैठक में योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया द्वारा की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए रेड्डी ने कहा, "मैं मोंटेक की बातों से सहमत हूं, लेकिन मैं चाहूंगा कि वह इस बात की जांच करें कि क्या यह व्यावहारिक और राजनीतिक रूप से सम्भव है।"
उल्लेखनीय है कि मोंटेक ने दावोस में पत्रकारों से कहा कि सोनवणे की हत्या 'कीमतों में बड़े अंतर' की झलक है। यह अंतर अवैध कारोबार करने के लिए उकसाता है।
उल्लेखनीय है कि सरकार ने गत वर्ष जून में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों के अनुसार तेल कम्पनियों को पेट्रोल की कीमतें तय करने का अधिकार दिया। तेल कम्पनियों ने हाल ही में पेट्रोल की कीमतें 2.50 रुपये प्रति लीटर बढ़ाया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications