ेउत्तर भारत में तापमान में वृद्धि (राउंडअप)
उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज धूप निकलने से न्यूनतम तापमान लगातार 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। लोगों को अभी से दिन में गर्मी का एहसास होने लगा है।
प्रदेश में अब सिर्फ रातें ही सर्द हो रही हैं। सर्दी से निजात दिला रही चटक धूप अब दोपहर के समय तो लोगों को चुभने लगी है।
मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार सुबह राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से करीब तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है, जबकि बरेली का 10.2, इलाहाबाद का 12.2 और वाराणसी का न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि पर्वतीय इलाकों से आने वाली सर्द हवाओं में कमी के चलते न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। आने वाले दिनों में केवल रात में ही सर्दी का असर महसूस होगा।
पंजाब, हरियाणा और उनकी संयुक्त राजधानी चण्डीगढ़ में दिन में तापमान में मामूली वृद्धि हुई है जबकि रात के दौरान सर्दी का असर बना हुआ है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया,"पंजाब और हरियाणा के सभी क्षेत्रों में दिन के तापमान में मामूली वृद्धि हुई है। हालांकि रात और तड़के सर्दी से कोई राहत नहीं मिल रही है।"
उन्होंने बताया, "इन सभी इलाकों में तड़के सर्द हवाओं का असर महसूस किया जा रहा है। अगले 48 घंटों तक मौसम की यह स्थिति बरकरार रहने की संभावना है।"
मौसम विभाग के अनुसार पूरे इलाके में अधिकतम तापमान 15 डिग्री और 22 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, इस महीने की शुरुआत में यह तीन से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच था।
चण्डीगढ़ में सोमवार को न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा के अम्बाला, हिसार और करनाल शहरों में न्यूनतम तापमान क्रमश: 7.8, 4.5 और पांच डिग्री सेल्सियस रहा।
उधर, मौसम में आ रहे बदलाव के बीच मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने के साथ सर्दी बढ़ने का अंदेशा है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में दिन में चटख धूप निकलने से न्यूनतम तापमान में उछाल का सिलसिला जारी है। रातों में सर्दी अब भी बरकरार है। यही कारण है कि अधिकांश हिस्सों मे न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच गया है। प्रदेश में सबसे सर्द स्थान दतिया रहा जहां न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में रीवा व शहडोल में बारिश हो सकती है। ऐसा होने से सर्दी की एक बार फिर वापसी हो सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications