डब्ल्यूईएफ सम्मेलन से पहले दावोस के होटल में विस्फोट
दावोस (स्विट्जरलैंड), 27 जनवरी (आईएएनएस)। स्विट्जरलैंड के दावोस शहर में विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) के सम्मेलन स्थल से कुछ ही दूरी पर स्थित एक होटल में एक छोटा विस्फोट हुआ, जिससे इमारत की खिड़कियां टूट गईं।
गुरुवार की दोपहर डब्ल्यूईएफ के सम्मेलन का एक सत्र इसी होटल में आयोजित होना था, जिसमें 'सीमा विहीन अपराधी' विषय पर चर्चा होनी थी। इस सत्र को कोलम्बिया के राष्ट्रपति जुआन मैनुएल सैन्टोस और यूरोपोल (यूरोपीय पुलिस) के निदेशक रॉबर्ट वेनराइट संबोधित करने वाले थे।
समाचार पत्र 'डेली एक्सप्रेस' ने पुलिस प्रवक्ता थॉमस हॉबी के हवाले से जानकारी दी है कि इस विस्फोट में कोई घायल नहीं हुआ। विस्फोट पोस्थोटल मोरोसानी के भंडार गृह में हुआ। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि यह होटल वार्षिक सम्मेलन के मुख्य स्थल अल्पाइन स्काई रिसॉर्ट से मात्र एक मील की दूरी पर है।
उल्लेखनीय है कि इस सप्ताहांत वामपंथी गुटों ने इस सम्मेलन के खिलाफ प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी, जिसके मद्देनजर डब्ल्यूईएफ सम्मेलन स्थल पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications