मिस्र के प्रदर्शनों में अल बरदेई हो सकते हैं शामिल
वाशिंगटन, 27 जनवरी (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र परमाणु ऊर्जा के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद अल बरदेई गुरुवार को मिस्र लौटने के बाद राष्ट्रपति होस्नी मुबारक के खिलाफ जारी प्रदर्शन में शामिल हो सकते हैं। मुबारक मिस्र में 30 वर्षो से सत्ता में हैं।
गुरुवार को 'वॉयस ऑफ अमेरिका' ने बताया कि सरकार विरोधी कार्यकर्ताओं ने राजधानी में एक बड़े प्रदर्शन की योजना बनाई है।
काहिरा में शुक्रवार को होने वाले प्रदर्शन में लोगों को जुटाने के लिए कार्यकर्ताओं ने सोशल नेटवर्किं ग वेबसाइट का सहारा लिया है।
ज्ञात हो कि प्रदर्शन के दूसरे दिन बुधवार को मिस्र की पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज करने के साथ ही उन पर रबड़ की गोलियां चलाईं और आंसू गैस छोड़े।
पुलिसकर्मियों ने यह कार्रवाई सरकार द्वारा प्रदर्शन पर लगाए गए प्रतिबंध का उल्लंघन करने पर की। दो दिनों के प्रदर्शन में कम से कम चार लोग मारे गए हैं।
बुधवार देर रात प्रदर्शनकारियों ने स्वेज के एक शहर में सरकारी भवन में आग लगा दी। काहिरा के विभिन्न हिस्सों में 2000 से अधिक लोग राष्ट्रपति मुबारक के शासन का विरोध कर रहे हैं।
मिस्र की राजधानी में प्रदर्शनकारियों ने वाहनों के टायरों में आग लगाई और सुरक्षा अधिकारियों पर पत्थर फेंके। सुरक्षा अधिकारियों ने उन्हें पीछे धकेलने के लिए उन पर पानी की बौछारें की।
सरकार का कहना है कि देश में अशांति फैलाने के लिए उसने कम से कम 700 लोगों को गिरफ्तार किया है।
मिस्र में वर्षो बाद सरकार के विरोध में प्रदर्शन हुआ है। हजारों की संख्या में लोग राष्ट्रपति होस्नी मुबारक के शासन के अंत की मांग कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications