कृष्णा ने अफगानी पत्रकारों को किया सम्मानित
इस अवसर पर कृष्णा ने कहा कि अफगानिस्तान की प्रगति के सिवा भारत का कोई निहित स्वार्थ नहीं है। कुशलता निर्माण के उपायों के तहत भारत अफगानिस्तान की मदद करता रहेगा।
उन्होंने अफगानी पत्रकारों से कहा कि भारत और अफगानिस्तान के बीच सम्बंध को कोई आसानी से नहीं तोड़ सकता, क्योंकि एक लोकतांत्रिक एवं बहुलतावादी राष्ट्र के रूप में अफगानिस्तान की प्रगति के सिवा भारत का कोई निहित स्वार्थ नहीं है।
ये पत्रकार काबुल टाइम्स, होवाड डेली, बीबीसी (पश्तून) तथा युद्ध प्रभावित अफगानिस्तान की सरकारी मीडिया इकाइयों सहित विभिन्न मीडिया प्रतिष्ठानों से जुड़े हुए हैं। इन्हें यहां के भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी) में 15 दिनों का मल्टी-मीडिया कुशलता प्रशिक्षण दिया गया।
पाठ्यक्रम का प्रबंध भारत सरकार ने किया था। इन पत्रकारों ने पाठ्यक्रम के हिस्से के तौर पर राजधानी के विभिन्न मीडिया प्रतिष्ठानों का दौरा भी किया।
कृष्णा ने साउथ ब्लॉक स्थित विदेश मंत्रालय के कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में इन पत्रकारों को प्रमाणपत्र प्रदान किए।
उन्होंने कहा कि अफगान पत्रकारों के लिए मीडिया प्रशिक्षण का आयोजन अफगानिस्तान में कुशलता निर्माण की दिशा में हमारा एक विनम्र प्रयास है।
कृष्णा ने कहा कि भारत कुशलता निर्माण करने वाले अफगानिस्तान के स्वदेशी संस्थानों को अपना सहयोग जारी रखेगा। इसके लिए भारत ने पुनर्निर्माण गतिविधियां चलाने के लिए 1.3 अरब डॉलर की सहायता राशि दी है। यह राशि सड़क निर्माण और रेलवे से लेकर विद्युत उत्पादन केंद्रों के निर्माण तथा बुनियादी परियोजनाओं पर खर्च होगी।
उन्होंने कहा कि भारत अफगानिस्तान के साथ बेहतर व्यापारिक सम्बंध चाहता है, ताकि मध्य एशिया परिवहन एवं ऊर्जा के मामले में समृद्ध हो।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications