शावेज ने बैंक जब्त करने की चेतावनी दी
समाचार एजेंसी ईएफई के मुताबिक शावेज ने बैंक के प्रांतीय सीईओ प्रेडो रॉड्रिग्ज से कहा, "यह बेहद गंभीर मामला है। आप या तो कानून का पालन करें या फिर बैंक मुझे सौंप दें। आप मुझे बताइए कि बैंक की क्या कीमत है। मैं आपसे बहस नहीं करना चाहता।" शावेज ने यह बात मॉर्गेज धोखाधड़ी के एक मामले में प्रभावित लोगों की शिकायतों पर कही।
शावेज ने एक महिला की शिकायत पर रॉड्रिग्ज को फोन किया था। महिला ने शिकायत की थी कि बैंक ने उसकी आवास ऋण देने की मांग खारिज कर दी है।
शावेज ने सीईओ से कहा, "आप इसमें शामिल हैं, चाहे आपको यह पसंद हो या न हो। आप अपनी जिम्मेदारियों से बच नहीं सकते।"
राष्ट्रपति ने कहा, "प्रेडो, मैं आपसे और बहस नहीं करना चाहता। सुनिए मेरी बात, मैं आपसे इन लोगों से मिलने के लिए कह रहा हूं। यदि आपके पास समय नहीं है और आप ऐसा नहीं कर सकते तो मुझे बताइए कि बैंक की कितनी कीमत है। मैं आपसे यह बैंक खरीदूंगा।"
बातचीत के दौरान जब रॉड्रिग्ज ने कहा कि बैंक बिकाऊ नहीं है तब शावेज ने उनकी इस बात को 'अक्खड़पन' बताया।
राष्ट्रपति ने कहा, "अपनी प्रतिक्रिया को लेकर सावधान रहें क्योंकि आपने कहा है कि बैंक बिकाऊ नहीं है लेकिन राष्ट्रीय हित में यदि मैं चाहूं तो अभी बैंक जब्त कर सकता हूं।"
रॉड्रिग्ज के प्रभावित लोगों से मिलने के लिए तैयार होने पर यह बातचीत समाप्त हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications