ग्वालियर में सचिन के नाम पर सड़क
ग्वालियर, 27 जनवरी (आईएएनएस)। महान क्रिकेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर के नाम पर ग्वालियर में दो करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से साढ़े तीन किलोमीटर लम्बी सड़क बनाई गई है। इस सड़क का मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को लोकार्पण किया।
बीते वर्ष तेंदुलकर ने ग्वालियर में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच में दोहरा शतक जड़ कर कीर्तिमान स्थापित किया था। तब मुख्यमंत्री चौहान ने सचिन के नाम पर सड़क बनाने की घोषणा की थी। यह सड़क बनकर तैयार हो चुकी है।
सड़क का लोकार्पण करते हुए चौहान ने कहा कि ग्वालियर एक ऐतिहासिक नगरी है और यहां समय समय पर कीर्तिमान रचे गए है। ऐसा ही एक इतिहास क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने रचा था। उनके नाम पर सड़क बनाकर प्रदेश सरकार गौरवान्वित महसूस करती है।
चौहान ने आगे कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है, उसने खेलों में प्रदेश को देश में अग्रणी बनाने के लिए अधोसंरचना विकास के साथ देश के प्रशिक्षकों की सेवाएं ली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications