प्रबंधक की यौन प्रताड़ना की शिकार प्रधानाचार्य ने लगाई आग
जिले के शाहगंज कस्बे में स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल की 30 वर्षीया प्रधानाचार्य रुबीना (बदला नाम) ने बुधवार देर रात स्कूल के प्रबंधक के घर के सामने खुद पर पेट्रोल छिड़कर आग लगा ली।
पुलिस का कहना है कि रुबीना के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने प्रबंधक पर जीवन समाप्त करने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है।
जौनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एस. के. भगत ने गुरुवार को संवाददाताओं को बताया कि अपने सुसाइड नोट में प्रधानाचार्य ने प्रबंधक पर शादी का झांसा देकर लम्बे समय से यौन प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
भगत ने कहा कि प्रारम्भिक जांच से पता चलता है कि प्रधानाचार्य को जब यह पता चला कि प्रबंधक का मकसद केवल उससे अवैध सम्बंध बनाना था न की शादी करना, तो उसने अपनी जान देने का फैसला किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रबंधक घटना के बाद से फरार है। भगत ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पचास फीसदी से ज्यादा जली प्रधानाचार्य का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications