पाकिस्तान को आतंकवाद से निपटना होगा : भारत
विदेश सचिव निरूपमा राव ने अफगानिस्तान के पत्रकारों के एक समूह से कहा, "पाकिस्तान ने 'फ्रेंकस्टीन' को उत्पन्न किया है। उसे इससे निपटना होगा।"
राव ने पाकिस्तान में होने वाले आतंकवादी हमलों का हवाला देते हुए कहा, "'फ्रेंकस्टीन' (उपन्यास में) में एक कृत्रिम मनुष्य है, लेकिन वह प्राणी खतरनाक साबित हो जाता है।"
उन्होंने कहा, "बीमारी वहां हैं। उन्हें इसका इलाज करना है और इस बुराई को जड़ से उखाड़ फेंकना है।"
ज्ञात हो कि 14 महिलाओं सहित 30 प्रत्रकारों का एक समूह नई दिल्ली स्थित भारतीय जन संचार संस्थान (आईआईएमसी) में 15 दिनों का पत्रकारिता पाठ्यक्रम करने आया था।
विदेश मंत्रालय के कार्यालय में आयोजित समापन समारोह में विदेश सचिव ने कहा कि आतंक का केंद्र 'निश्चित रूप' से पाकिस्तान में है।
उन्होंने कहा, "मुझे यकीन है कि पाकिस्तान के लोग शांति चाहते हैं, लेकिन वहां कुछ समूह और लोग हैं जो सोचते हैं कि हिंसा ही रास्ता है। पाकिस्तान में ऐसे तत्व भी हैं जिन्होंने आतंकवाद से निपटने के लिए कुछ भी नहीं किया। वास्तव में उन्होंने ही इसे बढ़ने दिया।"
विदेश सचिव ने कहा कि पाकिस्तान सरकार को इसके बारे में पता है। हालांकि उन्होंने कहा कि भारत सिर्फ आरोप लगाने के लिए यह सब नहीं कह रहा है। उन्होंने कहा, "लोग यह न समझे कि हम पाकिस्तान पर आरोप मढ़ रहे हैं। मुम्बई हमला इस बात का प्रमाण है कि 2008 में उसे अंजाम देने वाले लोग पाकिस्तान से आए थे। इस हमले में जीवित बचा एकमात्र आतंकवादी कसाब पाकिस्तानी है।"
उल्लेखनीय है कि राव की यह टिप्पणी थिम्पू में निर्धारित भारत और पाकिस्तान के विदेश सचिवों के बीच छह से आठ फरवरी की वार्ता से पहले आई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications