शहीद हुए हैं सोनवणे: जयपाल रेड्डी (लीड-1)
यहां एक संवाददाता सम्मेलन में मालेगांव के तेल माफिया द्वारा की गई अधिकारी की हत्या की निंदा करते हुए रेड्डी ने कहा, "हमारा मानना है कि उनकी मौत नायक की तरह हुई। वह कर्तव्य निर्वहन के दौरान मारे गए। वह शहीद हुए हैं।"
उन्होंने कहा, "यद्यपि आपूर्ति व्यवस्था राज्य सरकारों का काम है लेकिन हमारा मानना है कि अधिकारी को अपनी उत्कृष्ट सेवा के दौरान मारा गया है।"
उन्होंने कहा, "हमने राज्य सरकार से दोषियों को कड़ी सजा दिलाने को कहा है।"
पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि तेल कम्पनियों ने सोनवणे के परिवार को 25 लाख रुपये का मुआवजा देने का निर्णय लिया है।
रेड्डी ने पेट्रोलियम पदार्थो में मिलावट रोकने के लिए त्रिस्तरीय कार्ययोजना का घोषणा की। रेड्डी ने कहा कि मिलावट रोकने के लिए छह महीने के अंदर नया चिन्हक प्रणाली लागू किया जाएगा। इसके लिए नए विश्वसनीय मार्कर की पहचान की जा रही है।
साथ ही पेट्रोलियम पदार्थो की चोरी रोकने के लिए आपूर्ति व्यवस्था को जीपीएस (ग्लोबल पोजीशनिंग सिस्टम) से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा ट्रकों के जरिए होने वाले परिवहन की निगरानी के लिए 'ऑनलाइन इन्फोर्मेशन सिस्टम' लागू किया जाएगा। इसके जरिए डिपो से विभिन्न स्थानों तक ईंधन ले जाने वाले ट्रकों से उतारे जाने वाले तेल की मात्रा, गुणवत्ता आदि की सूचनाएं सतत रूप से संकलित की जाएंगी।
मिलावट रोकने के लिए केरोसिन की कीमत को नियंत्रण मुक्त करने के सवाल पर रेड्डी ने कहा कि यह मुद्दा राजनीतिक रूप से जटिल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications