उत्तर भारत में धूप से तापमान में वृद्धि (राउंडअप)
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार उत्तर प्रदेश सहित पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। उत्तर भारत के मैदानी हिस्सों में बुधवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान अमृतसर में 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।
उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज धूप निकलने से लगातार तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है। लोगों को अभी से दिन में गर्मी का एहसास होने लगा है।
सर्दी से निजात दिला रही चटक धूप अब दोपहर के समय तो लोगों को चुभने भी लगी है। लगभग सभी हिस्सों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के ऊपर दर्ज किया जा रहा है। प्रदेश में अब सिर्फ रातें ही सर्द हो रही हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से करीब चार डिग्री अधिक है।
गोरखपुर का 10.8, इलाहाबाद का 12.8 और वाराणसी का न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि आने वाले दिनों में मौसम की ये दशायें बनी रहेंगी।
मध्य प्रदेश में जहां रात सर्दी का अहसास करा रही है वहीं दिन में धूप का असर बढ़ने लगा है। यही कारण है कि अब लोगों ने दिन में गर्म कपड़ों से तौबा कर ली है।
प्रदेश के मौसम में एक सप्ताह पहले बदलाव का सिलसिला शुरू हुआ जिसके चलते न्यूनतम तापमान में इजाफे का दौर जारी है। यही कारण है कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। चार प्रमुख शहरों में ग्वालियर सबसे सर्द रहा, जहां न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। इसमें ज्यादा बदलाव आने की संभावना कम है। रात में जहां गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है वहीं दिन में गर्म कपड़ों की जरूरत कम हो गई है।
इधर, हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में बर्फ गिरने की वजह से बुधवार को तेज बर्फीली हवाओं का असर बढ़ गया।
मौसम विभाग ने बताया कि मजबूत पश्चिमी विक्षोभ का असर बढ़ने की वजह से और बर्फबारी की संभावना है। इससे उत्तर भारत में सर्दी बढ़ने की उम्मीद है।
राजधानी शिमला में बुधवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
लाहौल एवं स्पीति के मुख्यालय केलांग में न्यूनतम तापमान शून्य से 13.7 डिग्री नीचे दर्ज किया गया जो राज्य में सबसे सर्द स्थान रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications