बजट सत्र से पहले येदियुरप्पा को हटाए भाजपा : देवगौड़ा
देवगौड़ा ने कर्नाटक के राज्यपाल हंसराज भारद्वाज को वापस बुलाने के लिए भाजपा नेतृत्व के राष्ट्रपति से मुलाकात को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
देवगौड़ा ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा, "मेरे लिए सबसे अचम्भित करने वाली बात यह रही कि राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में पूर्व गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी भी शामिल थे। जिन्होंने हाल ही में येदियुरप्पा सरकार द्वारा भ्रष्टाचार मामलों में कार्रवाई न किए जाने के कारण इस्तीफा देने वाले लोकायुक्त को पद पर बने रहने के लिए राजी किया था।"
उन्होंने कहा कि आडवाणी ऐसे नेता हैं जो खुद विदेशी बैंकों में जमा भारतीय काले धन सहित तमाम भ्रष्टाचार के मामलों के खिलाफ संसद के बाहर भी लड़ते रहे हैं।
देवगौड़ा ने कहा, "भ्रष्टाचार के मुद्दे को संसद के आगामी बजट सत्र में जोरशोर से उठाने से पहले भाजपा को अपना घर सुधारना चाहिए और येदियुरप्पा को पद से हटाना चाहिए तभी भ्रष्टाचार के खिलाफ उसकी लड़ाई को नैतिक बल मिलेगा।"
उन्होंने कहा, "भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को युदियुरप्पा के खिलाफ दर्ज किए गए मामलों का विरोध नहीं करना चाहिए बल्कि उसे इसका सामना करना और पादर्शिता और सुशासन का उदाहरण पेश करना चाहिए। इससे ही लोगों का समर्थन हासिल किया जा सकता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications