भाजपा नेताओं ने सरकार पर लगाए अगवा करने के आरोप (लीड-1)
भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली और सुषमा स्वराज ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में अपनी यात्रा को असफल करने के लिए कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार और उमर अब्दुल्ला की जम्मू एवं कश्मीर सरकार पर आरोप लगाया।
ज्ञात हो कि यात्रा के साथ राज्य में प्रवेश करने पर उमर सरकार ने जेटली और सुषमा को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया था। दोनों नेताओं को यहां से 85 किलोमीटर दूर स्थित कठुआ के एक होटल में रखा गया। बुधवार को रिहा किए जाने के बाद जेटली और स्वराज यहां पहुंचे।
जेटली ने कहा, "संघर्ष अभी समाप्त नहीं हुआ है, यह जारी रहेगा और भारत सरकार, गृह मंत्रालय, रेलवे एवं जम्मू एवं कश्मीर सरकार को अपनी कार्रवाई पर सफाई देनी होगी।"
राज्यसभा में विपक्ष के नेता जेटली ने कहा कि जिस रेलगाड़ी से वे यात्रा कर रहे थे उसे रोक दिया गया। उन्होंने कहा, "इस कार्रवाई को अपहरण कहा जाता है।"
उन्होंने कहा, "हम तीन (जेटली, स्वराज और अनंत कुमार) को सोमवार रात बलपूर्वक उठाकर पंजाब ले जाया गया। यह कार्रवाई गैरकानूनी है। राज्य ने अपहरण की कार्रवाई की है।"
जेटली ने कहा कि यह वर्ष 1947 के बाद पहली बार हुआ है। उस वर्ष लोगों को राष्ट्रध्वज के साथ जम्मू एवं कश्मीर में प्रवेश करने पर गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार दोनों ने "अलगाववादियों को खुश करने के लिए ऐसा किया। देश ने वैचारिक और मनोवैज्ञानिक रूप से अलगाववादियों के समक्ष घुटने टेक दिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications