उप्र में बिहार के 6 बाल मजदूर मुक्त
भदोही, 26 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में जिला प्रशासन और पुलिस ने एक कालीन की इकाई में संयुक्त रूप से छापेमारी कर बिहार के छह बाल मजदूरों को मुक्त कराया।
उप-जिलाधिकारी रणविजय सिंह ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि एक गैर सरकारी संगठन की शिकायत पर हमने दुलमादपुर कस्बे स्थित एक कालीन इकाई में छापेमारी कर मंगलवार देर रात छह बाल मजदूरों को मुक्त कराया।
जिला प्रशासन के अधिकारियों के मुताबिक मुक्त कराए गए बच्चों की उम्र 10 से 13 साल के बीच है। सभी बिहार के कटिहार जिले के रहने वाले हैं। उन्हें अच्छी शिक्षा और मुनाफे का लालच देकर यहां लाया गया था।
सिंह ने बताया कि छापेमारी के दौरान कालीन इकाई का मालिक और कर्मचारी मौके से फरार होने में सफल हो गए। उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सिंह के मुताबिक बच्चों को उनके घर भेजा जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications