उप्र में हर्षोल्लास से मनाया गया गणतंत्र दिवस
लखनऊ, 26 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में बुधवार को 62वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राज्यपाल बी.एल.जोशी ने विधान भवन में तिरंगा फहराया।
कड़ी सुरक्षा के बीच विधान भवन में आयोजित मुख्य समारोह में राज्यपाल बी.एल.जोशी ने मुख्यमंत्री मायावती एवं और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में सेना, अर्धसैनिक बलों, राज्य पुलिस, प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) तथा एनसीसी कैडेटों की परेड की सलामी ली।
चारबाग से शुरू हुई परेड शहर के मुख्य मार्गो से होते हुए विधान भवन से गुजरी, जिसमें विभिन्न स्कूली बच्चों के दस्ते और प्रदेश के विभिन्न विभागों की झ्झांकियां भी शामिल हुईं।
गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रदेश पुलिस के तीन अधिकारियों व कर्मचारियों को वीरता के लिए और तीन पुलिस अधिकारियों को वशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति के पुलिस पदक से नवाजा गया। 34 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को दीर्घ एंव सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक दिया गया।
26 पुलिस अधिकारिओं और कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह और 79 को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह प्रदान किया गया।
इसी तरह प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर समारोह आयोजित किए गए, जहां रंगारंग कार्यक्रमों की धूम मची रही।
राज्य के विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) बृजलाल ने संवाददाताओं को बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनजर राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के सभी जिलों में कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किये गये हैं और तमाम संवेदनशील स्थलों पर कड़ी निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में अधिक सतर्कता बरतने को कहा गया है। भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा भी सील कर दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications