भाजपा ने माधोपुर पुल के समीप राष्ट्रध्वज फहराया
भाजपा की 'राष्ट्रीय एकता यात्रा' को जम्मू एवं कश्मीर में प्रवेश करने पर मंगलवार शाम ही रोक दिया गया था। साथ ही राज्य सरकार ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, शांता कुमार, अनंत कुमार और अनुराग ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रध्वज को यहां स्थित जन संघ के संस्थापक स्वर्गीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी के स्मारक के समीप फहराया।
भाजपा की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के अध्यक्ष और सांसद अनुराग ठाकुर को मंगलवार को वरिष्ठ नेताओं के साथ गिरफ्तार किया गया। ठाकुर के नेतृत्व में यह यात्रा श्रीनगर के लाल चौक पर राष्ट्रध्वज फहराने के लिए निकली थी।
ठाकुर यहां से 20 किलोमीटर दूर कठुआ कस्बे से यहां पहुंचे। भाजपा नेताओं ने स्मारक पर फूलों का हार चढ़ाने के बाद यात्रा को सम्बोधित किया।
नेताओं ने केंद्र और जम्मू एवं कश्मीर सरकार पर अलगाववादियों के दबाव के समक्ष घुटने टेकने और लाल चौक पर राष्ट्रध्वज फहराने की अनुमति न देने का आरोप लगाया।
उल्लेखनीय है कि कोलकाता से गत 12 जनवरी को शुरू हुई भाजपा की 'राष्ट्रीय एकता यात्रा' का समापन श्रीनगर के लाल चौक पर होना था। श्रीनगर का लाल चौक कई राजनीतिक घटनाओं का साक्षी है।
जम्मू एवं कश्मीर सरकार ने भाजपा की इस यात्रा को अनुमति नहीं दी थी। उसे आशंका थी कि इस यात्रा से राज्य में अशांति दोबारा फैल सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications