हरियाणा भूमि घोटाले की न्यायिक जांच हो : इनेलो
इनेलो ने आरोप लगाया कि हुड्डा सरकार ने सभी नियमों का उल्लंघन कर अरबों रुपये कीमत की सैकड़ों एकड़ मुख्य भूमि एक प्रमुख बिल्डर के हाथों कम कीमत पर बेच दी है। पार्टी ने इस मामले की स्वतंत्र जांच की मांग की।
पार्टी महासचिव अजय सिंह चौटाला ने यहां कहा, "इनेलो मांग करता है कि सर्वोच्च न्यायालय के एक वर्तमान न्यायाधीश से इस घोटाले की जांच कराई जाए।"
उन्होंने कहा कि हालिया भूमि घोटाला एक निजी बिल्डर को 350 एकड़ भूमि 1,703 करोड़ (17.03 अरब) रुपये में बेचे जाने से सम्बंधित है।
चौटाला ने आरोप लगाया कि हुड्डा सरकार बिल्डर डीएलएफ को बेची गई भूमि से सम्बंधित झूठे तथ्य पेश कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि 350 एकड़ भूमि डीएलएफ को फर्जी तथ्यों के आधार पर बेची गई और बिल्डर की सुविधा के लिए शर्तो में संशोधन किया गया।
उन्होंने कहा कि 350 एकड़ भूमि सम्बंधी डीएलएफ की बोली को 18 अगस्त, 2009 को मंजूर किया गया। चौटाला ने कहा कि यह अजीब संयोग है कि ऐसा उसी दिन किया गया, जब हरियाणा मंत्रिमंडल ने विधानसभा भंग करने की संस्तुति के लिए बैठक आहूत की थी। नियमों के विपरीत करार की प्रक्रिया पूरी करने के लिए मंत्रिमंडल की बैठक 21 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications