मध्य प्रदेश में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस (लीड 1)
भोपाल, 26 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में गणतंत्र दिवस की 61वीं सालगिरह धूमधाम से मनाई गई। राजधानी भोपाल में राज्यपाल रामेश्वर ठाकुर और ग्वालियर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ध्वजारोहण कर प्रदेश के विकास के लिए चल रहे प्रयासों का ब्योरा देते हुए आमजन से विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
यहां के लाल परेड मैदान में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। खेती को फायदे का धंधा बनाने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि सिंचाई योजनाएं पूरी होने से सिंचित क्षेत्र का विस्तार हुआ है। सूखे की मार झेल रहे बुंदेलखंड में सिंचाई सुविधाएं बढ़ाने के लिए विशेष केंद्रीय सहायता के अंतर्गत 1118 करोड़ रुपये की कार्ययोजनाएं स्वीकृत की गई हैं।
ठाकुर ने कहा कि शीतलहर व पाला ने फसलों को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया है। राज्य सरकार ने प्रभावित किसानों की मदद के लिए न केवल प्रभावी कदम उठाए हैं, बल्कि आगामी वित्त वर्ष से एक प्रतिशत ब्याज दर पर कर्ज देने का भी निर्णय लिया है।
राज्यपाल ने बिजली, परिवहन, शिक्षा, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के विकास सहित अन्य क्षेत्रों में सरकार द्वारा किए गए कार्यो क ब्योरा देते हुए जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने विभिन्न सैन्य बलों के दलों की सलामी ली। इस मौके पर विभिन्न संस्थाओं की ओर से रंगारंग कार्यक्रम पेश किए गए। इसी तरह विधानसभा अध्यक्ष ईश्वर दास रोहाणी ने जबलपुर में ध्वजारोहण किया।
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्वालियर के एस.ए.एफ . मैदान पर ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इससे पूर्व भोपाल में चौहान ने कहा कि यह ऐसा दिन है जब हमें गण और तंत्र के बीच की दूरी को कम करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की कोशिश है कि गण (जनता) के लिए तंत्र काम करे।
चौहान ने कहा कि प्रदेश को विकसित एवं समृद्ध बनाना उनका संकल्प है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications