कश्मीर में गणतंत्र दिवस पर भाजपा कार्यकर्ता, अलगाववादी गिरफ्तार (लीड-1)
जम्मू एवं कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) के यासिन मल्लिक, नरमपंथी हुर्रियत कॉन्फ्रेंस नेता बिलाल लोन और शहीदुल इस्लाम सहित करीब दर्जन भर उनके समर्थकों को मैसूमा इलाके में गिरफ्तार किया गया।
इसके पहले पुलिस ने सात भाजपा कार्यकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने इन्हें श्रीनगर के मुख्य कारोबारी केंद्र लाल चौक की ओर बढ़ते हुए गिरफ्तार किया।
श्रीनगर में लाल चौक के निकट होटल से निकलते ही छह भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। एक अन्य कार्यकर्ता को लाल चौक से सटे रेजीडेंसी रोड पर गिरफ्तार किया गया। उसके हाथ में एक तिरंगा और एक भाजपा का झंडा था।
बुधवार को भाजपा और जम्मू एवं कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) की प्रस्तावित रैली को देखते हुए लाल चौक के आस पास सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। अधिकारियों ने शहर में कर्फ्यू जैसी पाबंदी लगा दी थी।
श्रीनगर में बख्शी स्टेडियम में राज्य के वित्तमंत्री अब्दुल रहीम राठेर ने झंडोतोलन किया और परेड की सलामी ली।
इस दौरान स्टेडियम की ओर जाने वाली सड़कों को पूरी तरह सील कर दिया गया था और कार्यक्रम में सिर्फ पास के आधार पर प्रवेश की सुविधा दी गई थी।
परेड के बाद स्टेडियम मे सांस्कृति कार्यक्रम भी आयोजित हुए।
मंत्री ने अपने सम्बोधन में कहा कि मौजूदा समस्या का हल बातचीत से ही निकल सकता है और उन्होंने हर किसी को बातचीत की प्रक्रिया में शामिल होने का आग्रह किया।
उन्होंने राज्य में दो साल पूरा कर चुकी उमर उब्दुल्ला सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
सुरक्षा कारणों को देखते हुए बुधवार सुबह से ही घाटी में मोबाइल सेवा को अवरुद्ध कर दिया गया था।
कश्मीर के सभी जिलों में भी विभिन्न मंत्रियों ने राष्ट्रीय तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली।
कश्मीर में कहीं कोई अप्रिय घटना देखने को नहीं मिला। सिर्फ श्रीनगर के पुराने शहर में अलगाववादियों की अपील पर कुछ काले झंडे देखने को मिले।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications