मिर्चपुर हिंसा : प्रदर्शन खत्म करेगा जाट समुदाय
मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से कैथल में मंगलवार देर रात हुई मुलाकात के बाद जाट समुदाय के प्रतिनिधियों ने अपना प्रदर्शन खत्म करने को कहा।
राज्य सरकार और जाट समुदाय के प्रतिनिधियों के बीच दो दौर की बातचीत विफल होने के बाद सोमवार को एक 45 सदस्यीय समिति का गठन किया गया था।
राज्य सरकार के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया, "जाट समुदाय के 45 सदस्यीय समिति ने मुख्यमंत्री को प्रदर्शन खत्म करने का आश्वासन दिया है।"
नवगठित समिति के अध्यक्ष भाग सिंह जलाभ ने बताया, "मुख्यमंत्री के साथ हमारी बैठक बेहद सौहार्दपूण रही और संतुष्टि के बाद ही प्रदर्शन को वापस लेने का फैसला लिया गया है।"
उन्होंने कहा, "सभी तरह की नाकेबंदी खत्म कर दी जाएंगी। हमें न्याय प्रणाली पर पूरा विश्वास है।"
गौरतलब है कि जाट महापंचायत मिर्चपुर हिंसा मामले में एसआईटी से छानबीन कराने की मांग कर रहा है। इसमें एक दलित बुजुर्ग और उसकी विकलांग बेटी की मौत हो गई थी।
महिलाओं सहित प्रदर्शनकारी जींद में पिछले 11 दिनों से धराना दे रहे थे और उन्होंने रविवार से अपना प्रदर्शन तेज कर दिया था।
प्रदर्शनकारियों ने जींद रेलवे स्टेशन के समीप सभी राजमार्गो और दिल्ली-फिरोजपुर रेलमार्ग को बंद कर रखा है। इसकी वजह से मंगलवार को तीसरे दिन भी जींद जिला राज्य के बाकी हिस्सों से कटा रहा।
प्रदर्शनकारियों ने हिसार, भिवानी, फतेहाबाद और रोहतक जिलों में भी नाकेबंदी की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications