भाजपा यात्रा का जम्मू एवं कश्मीर में प्रवेश, शीर्ष नेता गिरफ्तार (राउंडअप)

इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं से जम्मू एवं कश्मीर सरकार के फैसले का सम्मान करने और श्रीनगर में तिरंगा फहराने की योजना स्थगित करने की अपील की। उधर, भाजपा नेता अरुण जेटली ने उमर और केंद्र सरकार पर राष्ट्र के खिलाफ कार्य करने का आरोप लगाया।

पंजाब की तरफ से रावी नदी पर बने पुल को पार करने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी खुशी का इजहार विजय चिन्ह बनाकर किया। कार्यकर्ताओं ने घोषणा की कि अपने वादे के अनुसार वे जम्मू एवं कश्मीर में प्रवेश कर चुके हैं।

गिरफ्तार होने से पहले सुषमा स्वराज ने कहा, "हम यहां जम्मू एवं कश्मीर में हैं, कल तक हमें राज्य से बाहर रोके रखने के लिए सरकार ने जिन फासीवादी प्रवृत्तियों का प्रदर्शन किया, उसका यह करारा जवाब है।"

ज्ञात हो कि पंजाब प्रांत की सीमा से लगने वाले कठुआ जिले में पांच अथवा उससे अधिक संख्या में लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगाते हुए अधिकारियों ने सोमवार रात से निषेधात्मक आदेश लागू किए थे।

पंजाब की तरफ से भाजपा की 'राष्ट्रीय एकता यात्रा' के 500 कार्यकर्ताओं का पहला जत्था राष्ट्रध्वज के साथ और नारे लगाते हुए जम्मू एवं कश्मीर में प्रवेश किया।

राज्य में प्रवेश करते समय कार्यकर्ताओं ने 'भारत माता की जय' और 'लाल चौक जाएंगे, तिरंगा फहराएंगे' के नारे लगाए।

भाजपा की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने यात्रा का नेतृत्व किया। जम्मू एवं कश्मीर में प्रवेश करने के लिए करीब 2000 भाजयुमो कार्यकर्ता पंजाब के हिस्से वाले पुल के अंत में माधोपुर में एकत्र हुए।

ज्ञात हो कि बुधवार को गणतंत्र दिवस के मौके पर भाजपा की योजना श्रीनगर के लाल चौक पर राष्ट्रध्वज फहराने की है।

जम्मू एवं कश्मीर में प्रवेश करने पर भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं को एक बस में भरकर अज्ञात स्थान पर ले जाया गया।

यात्रा में शामिल भाजपा की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज ने सोशल नेटवर्किं ग साइट ट्विटर पर लिखा, "हमने पुल को पार किया। आगे सड़क अवरुद्ध है। हमें रोक लिया गया है।"

यात्रा के दूसरे जत्थे का नेतृत्व अमृतसर के सांसद नवजोत सिंह सिद्धू करने वाले थे, लेकिन उन्होंने बाद में अपनी योजना बदल दी। माधोपुर में मौजूद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने यात्रा पठानकोट-जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग से होते हुए श्रीनगर जाने का फैसला किया है।

पंजाब प्रांत के भाजपा अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने आईएएनएस को बताया, "आज गिरफ्तार भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ जम्मू एवं कश्मीर सरकार कैसा बर्ताव करती है उसकी समीक्षा करने के बाद हम अपनी रणनीति के बारे में कल बताएंगे।"

भाजपा नेता अरुण जेटली ने पत्रकारों से कहा, "हम भारतीय राष्ट्र की मर्यादा की महत्ता बताने के लिए यहां आए हैं।" उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार पर राष्ट्र के हितों के खिलाफ कार्य करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दोनों सरकारें 'कश्मीर के अलगाववादियों को खुश करने' के प्रयास में ऐसा कर रही हैं।

उल्लेखनीय है कि जम्मू एवं कश्मीर सरकार ने भाजपा की इस यात्रा को अनुमति नहीं दी है। उसका मानना है कि इस यात्रा से राज्य में तनाव फिर से उत्पन्न हो सकता है।

केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं से जम्मू एवं कश्मीर सरकार के फैसले का सम्मान करने और श्रीनगर में तिरंगा फहराने की योजना स्थगित करने की अपील की।

चिदम्बरम ने एक बयान में कहा, "जम्मू एवं कश्मीर सरकार के फैसले का सम्मान होना चाहिए।" उन्होंने कहा है कि जम्मू एवं कश्मीर में शांति भंग करने की किसी भी कार्रवाई को जायज नहीं ठहराया जा सकता।

उन्होंने कहा कि यदि भाजपा के नेता राज्य सरकार के प्रतिबंधों को तोड़ते हैं तो यह दुर्भाग्यपूर्ण होगा।

श्रीनगर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार को पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीन विधायकों सहित चार नेताओं को हिरासत में ले लिया। ये नेता श्रीनगर के लाल चौक पर प्रस्तावित राष्ट्र ध्वज फहराने के कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे।

श्रीनगर हवाई अड्डे पर दोपहर बाद विमान उतरते ही जम्मू एवं कश्मीर से भाजपा के तीन विधायकों जुगल किशोर, गारू राम और शाम चौधरी के साथ ही भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पवन खजुरिया को हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने कहा कि भाजपा के चार नेताओं को शहर में प्रवेश करने की इजाजत नहीं दी गई। पुलिस मंगलवार सुबह से ही भाजपा की एकता यात्रा के मद्देनजर विमान से आने वाले लोगों पर नजर बनाए हुई थी।

श्रीनगर के लाल चौक पर भाजपा और अलगाववादियों की घोषणाओं के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

इस बीच जम्मू एंड कश्मीर लिवरेशन फ्रंट के अध्यक्ष यासीन मलिक गिरफ्तारी से बचने के लिए भूमिगत हो गए हैं।

उल्लेखनीय है कि भाजपा की एकता यात्रा का नेतृत्व करने वाले भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर की योजना बुधवार को गणतंत्र दिवस के मौके पर श्रीनगर के लाल चौक पर राष्ट्र ध्वज फहराने की है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+