पद्म पुरस्कारों की घोषणा, 31 महिलाएं भी शामिल (राउंडअप)
नई दिल्ली, 25 जनवरी (आईएएनएस)। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर मंगलवार को वर्ष 2010 के पद्म सम्मानों की घोषणा कर दी गई। इस बार कुल 128 लोगों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री पुरस्कारों के लिए कला, साहित्य, संस्कृति, शिक्षा, विज्ञान, सामाजिक कार्य, खेल, व्यापार, चिकित्सा और प्रशासन के क्षेत्रों से नामों का चयन किया गया है।
इनमें पद्म विभूषण के लिए 13, पद्म भूषण के लिए 31 और पद्म श्री के लिए 84 लोगों का चयन किया गया है। इस बार पद्म पुरस्कारों की सूची में 31 महिलाओं को भी शामिल किया गया है।
देश के दूसरे सबसे प्रतिष्ठित नागरिक पुरस्कार के लिए पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ब्रजेश मिश्रा, विप्रो प्रमुख अजीम प्रेमजी, योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया, संस्कृति कर्मी कपिला व्यात्स्यायन और फोटोग्राफर होमाई व्यारवल्ला के नामों का चयन किया गया है।
इनके अलावा पद्म विभूषण के लिए लोक सेवा क्षेत्र से परसराम केशवायंगर, शिक्षाविद ए.आर. किदवई, ऊर्जा विशेषज्ञ विजय केलकर, साहित्यकार ओट्टाप्लक्कल नीलकंदन वेलु कुरुप, सीताकांत महापात्र और स्वर्गीय गांधीवादी अर्थशास्त्री एल.सी. जैन चयनित हुए हैं।
इस बार देश के सबसे बड़े नागरिक सम्मान भारत रत्न के लिए किसी के नाम की घोषणा नहीं की गई है। वर्ष 2008 में भारत रत्न पुरस्कार शास्त्रीय गायक भीमशेन जोशी को दिया गया। जोशी का मंगलवार को निधन हो गया।
देश के तीसरे सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार पद्म भूषण के लिए देश और विदेश के 31 लोगों का चयन हुआ है। इनमें बॉलीवुड कलाकारों सहित विश्व के कला क्षेत्र से 12 लोगों को शामिल किया गया है।
पद्म भूषण पुरस्कार के लिए बॉलीवुड अभिनेता शशि कपूर, अभिनेत्री वहीदा रहमान, संगीतकार खय्याम, रंगमंच के कलाकार सत्यदेव दुबे, चित्रकार कृष्ण खन्ना और अर्पिता सिंह के नामों की घोषणा हुई है।
व्यापार और उद्योग क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान करने के लिए आठ लोग पद्म भूषण पुरस्कार के लिए चयनित हुए हैं। इनमें आईसीआईसीआई बैंक की अध्यक्ष चंदा कोचर, इंफोसिस के क्रिस गोपालकृष्णन, रैनबैक्सी के अनलजीत सिंह, एनआईआईटी के राजेंद्र सिंह पवार, जीवीके समूह के जी.वी.के. रेड्डी और एचसीएल के अजय चौधरी शामिल हैं।
प्रधानमंत्री के विशेष राजदूत और पूर्व विदेश सचिव श्याम सरन को भी पद्म भूषण के लिए चयनित किया गया है।
इस बार 84 लोगों को पद्म श्री पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। इनमें आठ अप्रवासी भारतीय और विदेशी हैं। जबकि 21 लोग सिनेमा, नृत्य और रंगमंच से जुड़े हैं।
सिनेमा क्षेत्र से मलयालम अभिनेता जयराम सुब्रम्रण्यम, निदेशक शजी नीलाकंतन करुन, कन्नड़ फिल्म निर्माता गिरिश कासरवल्ली, बॉलीवुड अभिनेत्री तब्बू, काजोल और अभिनेता इरफान खान को पद्म श्री पुरस्कार देने की घोषणा की गई।
इनके अलावा शास्त्रीय नृत्यांगना (कथक) सुनयना हजारिकालाल, के.के. पवित्रम (मोहिनीअट्टम) और एम.के. सरोज (भारतनट्टयम) को भी पद्म श्री पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है।
कठपुतली कलाकार दादी पदुमजी, गायिका ऊषा उत्थुप, लोक कलाकार मकर ध्वज को भी पद्म श्री पुरस्कार के लिए चुना गया है।
छह लोगों को सामाजिक कार्य और सात लोगों को खेल में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए पद्म श्री के लिए चयनित किया गया है। जबकि 19 लोगों को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में ख्याति अर्जित करने के लिए पद्म श्री पुरस्कार के लिए चुना गया है।
इस बार क्रिकेटर वी.वी.एस. लक्ष्मण, निशानेबाज गगन नारंग और पहलवान सुशील कुमार सहित कुल सात खिलाड़ियों का पद्मश्री के लिए चयन किया गया है। इनके अलावा पद्मश्री के लिए डिस्कस थ्रोअर कृष्णा पूनिया, भारोत्तोलक एन.कुंजरानी देवी, पैरा जम्पर शीतल महाजन, और पर्वतारोही हरभजन सिंह के नामों का चयन किया गया है।
पद्म पुरस्कारों के लिए नर्सिग, पुरातत्व और धरोहर संरक्षण के क्षेत्र में योगदान करने वालों लोगों को भी चुना गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications