पद्म सम्मानों की घोषणा, 13 को पद्म विभूषण (लीड-1)
देश के दूसरे सबसे प्रतिष्ठित नागरिक पुरस्कार के लिए कपिला वात्स्यायन, होमाई व्यारवाला, ए. नागेश्वर राव, परसराम केशवायंगर, डॉ ए.आर. किदवई, विजय केलकर, पेल्लै रामा राव, ओट्टाप्लक्कल नीलकंदन वेलु कुरुप, सीताकांत महापात्र और स्वर्गीय एल.सी. जैन का चयन हुआ है।
इस बार देश के सबसे बड़े नागरिक सम्मान भारत रत्न के लिए किसी के नाम की घोषणा नहीं की गई है। वर्ष 2008 में भारत रत्न पुरस्कार शास्त्रीय गायक भीमशेन जोशी को दिया गया। जोशी का मंगलवार को निधन हो गया।
इस बार इन पुरस्कारों के लिए 128 ख्याति प्राप्त लोगों का चयन किया गया है। इनमें पद्म विभूषण के लिए 13, पद्म भूषण के लिए 31 और पद्म श्री के लिए 84 लोगों का चयन किया गया है।
पद्म भूषण के लिए जिन प्रमुख लोगों का चयन किया गया है उनमें सत्यदेव दुबे, मोहम्मद जहूर खय्याम उर्फ खय्याम, शशि कपूर, कृष्ण खन्ना, वहीदा रहमान, योगेश चंदर देवेश्वर, चंदा कोचर, श्याम सरन और अनलजीत सिंह प्रमुख हैं।
पद्मश्री के लिए चुने गए 84 लोगों में पंडित अजय चक्रवर्ती, डी.डी. पद्मजी, उषा उत्थुप, काजोल, इरफान खान, सुमन सहाय, शीतल महाजन, रियाज पंजाबी, कृष्ण कुमार आदि शामिल हैं।
इस बार क्रिकेटर वी.वी.एस. लक्ष्मण, निशानेबाज गगन नारंग और पहलवान सुशील कुमार सहित कुल सात खिलाड़ियों का पद्मश्री के लिए चयन किया गया है। इनके अलावा पद्मश्री के लिए डिस्कस थ्रोअर कृष्णा पूनिया, भारोत्तोलक एन.कुंजरानी देवी, पैरा जम्पर शीतल महाजन, और पर्वतारोही हरभजन सिंह के नामों का चयन किया गया है।
सुशील कुमार ने वर्ष 2008 में बीजिंग ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था। इसके बाद सुशील विश्व चैम्पियन बने। नई दिल्ली में सम्पन्न 19वें राष्ट्रमंडल खेलों में सुशील ने सोने का तमगा जीता।
पूनिया ने राष्ट्रमंडल खेलों में 52 वर्ष बाद एथलेटिक्स में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications