भाजपा के हमलों पर भारद्वाज ने किया बचाव (लीड-1)
बेंगलुरू, 25 जनवरी (आईएएनएस)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा के खिलाफ अभियोग चलाने की अनुमति देने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निशाने पर आए राज्यपाल हंसराज भारद्वाज ने मंगलवार को कहा कि उनकी कार्रवाई संविधान द्वारा नियंत्रित है।
भाजपा की उन टिप्पणियों को जिसमें उसने कहा है कि राज्यपाल संविधान के अधिकारी के रूप में नहीं बल्कि 'कांग्रेस के एक एजेंट' के रूप में काम कर रहे हैं, हवाला देते हुए भारद्वाज ने कहा, "अब यहां मेरे स्वयं के कार्यालय के बारे में बहस चल रही है।"
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर आयोजित एक समारोह में राज्यपाल ने कहा, "संविधान द्वारा ही हम सभी नियंत्रित होते हैं। कानून का उल्लंघन होने पर उसके बचाव में संविधान को आना पड़ता है।"
ज्ञात हो कि राज्यापाल के फैसले को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ने रैलियां निकालने की घोषणाएं की हैं। भाजपा फैसले के विरोध में जबकि कांग्रेस समर्थन में रैली निकालेगी।
भाजपा ने उत्तरी कर्नाटक के हुबली में पांच, बेलगाम में छह फरवरी और बेंगलुरू में सात फरवरी को रैलियां निकालने की घोषणा की है।
कांग्रेस ने कहा कि वह येदियुरप्पा के इस्तीफे की मांग और भारद्वाज के समर्थन में 30 जनवरी को बेंगलुरू में 'बड़ी रैली' निकालेगी।
कर्नाटक से भाजपा के संसद सदस्यों और विधायकों ने मंगलवार को 'भारद्वाज वापस जाओ' की मांग करते हुए राजभवन की ओर रैली निकालने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य एम. वंकैया नायडू सहित अन्य नेताओं को गिरफ्तार किया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के.एस. ईश्वरप्पा ने रैली में शामिल नेताओं से कहा, "जब तक भारद्वाज को वापस भेजने के लक्ष्य को पार्टी हासिल नहीं कर लेती तब तक संघर्ष जारी रहेगा।"
उन्होंने बताया कि बेंगलुरू में 20 फरवरी को पार्टी के कार्यकर्ताओं की एक बैठक की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता पाटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications