तिरंगा यात्रा : आडवाणी ने प्रधानमंत्री से की बात
नई दिल्ली/जम्मू, 24 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने सोमवार रात प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से शिकायत की कि भाजपा नेताओं को जम्मू हवाई अड्डा से बाहर नहीं निकलने दिया। ये नेता पार्टी की एकता यात्रा के सिलसिले में जनसभा को संबोधित करने वाले थे।
भाजपा सूत्रोंे ने कहा कि आडवाणी ने प्रधानमंत्री से कहा कि जम्मू में अधिकारियों द्वारा सुषमा स्वराज और अरुण जेटली को रोके जाने के सम्बंध में उनका विरोध दर्ज किया जाए।
सूत्रों ने कहा कि आडवाणी ने प्रधानमंत्री से यह भी कहा कि ऐसी घटना पहले कभी नहीं हुई थी।
ज्ञात हो कि श्रीनगर के लाल चौक पर गणतंत्र दिवस के अवसर पर तिरंगा फहराने के भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए जम्मू पहुंचे भाजपा के आला नेताओं सुषमा स्वराज, अरुण जेटली और अनंत कुमार को जम्मू हवाई अड्डे पर हिरासत में लेकर पंजाब भेज दिया गया।
इन नेताओं की गिरफ्तारी के आदेश मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की ओर से जारी किए गए। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम से बातचीत के बाद यह कदम उठाया।
भाजयुमो द्वारा निकाली गई राष्ट्रीय एकता यात्रा में हिस्सा लेने के लिए तीनों नेता सोमवार अपराह्न् जम्मू पहुंचे। यहां से उनका श्रीनगर जाने का कार्यक्रम था लेकिन पुलिस ने उन्हें जम्मू हवाई अड्डे से बाहर जाने और शहर में प्रवेश करने से रोक दिया।
पुलिस अधिकारियों ने सुषमा, जेटली और अनंत से कहा कि शहर में उनके प्रवेश से समस्या पैदा हो सकती है।
इसके बाद बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता हवाई अड्डे पर जुट गए और अपने नेताओं को शहर में जाने की इजाजत देने की मांग करने लगे।
लगभग पांच घंटे तक इन नेताओं को हवाई अड्डे पर रोके रखने के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications