मास्को विस्फोट को 2 आतंकियों ने दिया अंजाम (लीड-1)
हवाई अड्डे पर विस्फोट शाम 4.40 बजे हुआ। इस समय विमान से उतरने वाले यात्रियों से टैक्सी चालक और उनके मित्र बातचीत कर रहे थे। विस्फोट में दोनों आतंकवादी मारे गए।
विस्फोट की तीव्रता पांच किलो टीएनटी के विस्फोट के बराबर थी और अत्यधिक नुकसान पहुंचाने के लिए बम में धातु का इस्तेमाल किया गया था।
एक सूत्र ने समाचार एजेंसी रिया नोवोस्ती से बताया, "एक संदिग्ध महिला आतंकवादी द्वारा एक बैग खोलने पर विस्फोट हुआ। महिला के साथ एक उसका साथी भी था, विस्फोट में उसका सिर उड़ गया।"
इस बीच राष्ट्रीय आतंकवाद निरोधी समिति (एनएसी) ने आत्मघाती विस्फोट के लिए अपर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराया है। इस विस्फोट में 35 लोग मारे गए थे।
एनएसी के प्रवक्ता निकोलई सिंतसोव ने मंगलवार को एक समाचार चैनल से कहा, "दोमोदेदोवो हवाईअड्डे पर सुरक्षा व्यवस्था अपर्याप्त होने की वजह से ही यह हादसा हुआ। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होती तो ऐसा कभी नहीं होता।"
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक एक आत्मघाती हमलावर ने सोमवार को हवाईअड्डे पर विस्फोट कर दिया जिसमें कम से कम 35 लोग मारे गए और 180 लोग घायल हुए हैं।
रूस के स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक विस्फोट के बाद कम से कम 100 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उप स्वास्थ्य मंत्री मेक्सिम तोपलिन ने कहा, "मास्को के कई अस्पतालों में सैकड़ों लोगों को भर्ती कराया गया है। आंकड़ों के मुताबिक घायलों में 48 की हालत गम्भीर बनी हुई है।"
उल्लेखनीय है कि अभी तक पांच शवों की पहचान की जा चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications