सामरिक वार्ता के लिए वाशिंगटन आएंगे मेनन
वाशिंगटन, 25 जनवरी (आईएएनएस)। भारत और अमेरिका के बीच अप्रैल महीने में प्रस्तावित सामरिक वार्ता के अगले दौर की तैयारियों के मद्देनजर भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शिवशंकर मेनन इसी सप्ताह वाशिंगटन पहुंचेंगे। इस दौरे पर आतंकवाद के मुद्दे पर दोनों राष्ट्रों के बीच सहयोग का मुद्दा उनके एजेंडे में शीर्ष पर होगा।
मेनन इस दौरे पर विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन सहित राष्ट्रपति बराक ओबामा के प्रशासन के उन शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात करेंगे जो नई दिल्ली में भारतीय विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा से सामरिक वार्ता के लिए अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा होंगे।
इसके अलावा मेनन अपने अमेरिकी समकक्ष टॉम डोनिलोन से भी व्हाइट हाउस में मुलाकात करेंगे। दोनों शीर्ष अधिकारी अब तक हुई वार्ताओं की समीक्षा करेंगे। साथ ही अफगानिस्तान और पाकिस्तान की स्थिति पर भी दोनों चर्चा कर सकते हैं।
तीन दिनों के इस दौरे पर मेनन की वार्ता के मुख्य एजेंडे में आतंकवाद पर दोनों देशों के बीच सहयोग शीर्ष पर रहेगा।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता पी. जे. क्राउले ने सोमवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "भारत के साथ आतंकवाद पर सहयोग जारी है। आतंकवाद के खतरे को लेकर हम गम्भीर हैं।"
यह पूछे जाने पर कि क्या अपने गणतंत्र दिवस के मौके पर भारत ने अमेरिका से आतंकवाद के मसले पर सहयोग मांगा है, इसके जवाब में उन्होंने कहा, "मैं किसी कार्रवाई विशेष का जिक्र नहीं कर सकता लेकिन आतंकवाद के खिलाफ एक-दूसरे का सहयोग हम जारी रखेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications