आरुषि हत्याकांड : एक ही युवक ने किया राठौड़ और तलवार पर हमला
उत्सव इससे पहले चण्डीगढ़ की एक अदालत परिसर में रुचिका गिरहोत्रा मामले के मुख्य आरोपी पूर्व पुलिस प्रमुख एस. पी. एस. राठौर पर भी हमला कर चुका है। उत्सव ने पिछले साल फरवरी में अदालत परिसर में ही राठौर के चेहरे पर चाकू से तीन बार हमला किया था।
उत्सव (30) वाराणसी का रहने वाला है और वह अहमदाबाद के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइनिंग (एनआईडी) से फिल्म प्रोडक्शन की पढ़ाई कर रहा है।
सूत्रों के मुताबिक उत्सव ने मंगलवार को भी उसी तरीके का प्रयोग किया जैसा उसने राठौर मामले में किया था।
हमले के बाद तलवार को राजधानी के अपोलो अस्पताल ले जाया गया है। उनके चेहरे से लगातार खून निकल रहा था।
16 मई 2008 को नोएडा के जलवायु विहार अपार्टमेंट में 14 वर्षीया आरुषि का शव बरामद किया गया था। शुरुआत में तलवार दंपति के घरेलू नौकर हेमराज को हत्या का संदिग्ध बताया गया था लेकिन एक दिन बाद ही हेमराज का शव भी छत से बरामद किया गया था।
इस हत्याकांड के बाद राजेश तलवार को गिरफ्तार किया गया था लेकिन उनके खिलाफ सबूत न होने की वजह से छोड़ दिया गया।
उल्लेखनीय है कि अगस्त 1990 में पंचकूला कस्बे में 15 वर्षीया रुचिका के साथ कथित तौर पर छेड़छाड करने के आरोप में अदालत ने राठौर को दोषी करार दिया था। रुचिका ने इस घटना के तीन साल बाद आत्महत्या कर ली थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications