शेयर बाजारों में गिरावट, सेंसेक्स 182 अंक नीचे (राउंडअप)
बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 76.14 अंक की तेजी के साथ 19,227.42 पर खुला। सेंसेक्स ने 19,340.99 अंक के ऊपरी और 18,949.44 अंक के निचले स्तर को छुआ।
शेयर बाजार के शुरुआती कारोबार में तेजी का रुख देखने को मिला। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा मौजूदा कारोबारी साल की तिमाही मौद्रिक समीक्षा के बाद सेंसेक्स में गिरावट शुरू हो गई। आरबीआई ने मंगलवार को कर्ज और उधार दरों में 25-25 आधार अंकों की वृद्धि कर दी।
माना जा रहा है कि ब्याज दरों में वृद्धि से उद्योग जगत के लिए पूंजी महंगी हो जाएगी, जिसका असर मार्जिन पर पड़ सकता है। इसके साथ ही वाहन और आवास ऋण के महंगा होने से रियल्टी क्षेत्र और वाहन उद्योग में बिक्री पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
सेंसेक्स के 30 में से 11 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। एनटीपीसी (1.85 फीसदी), हीरो होंडा (1.62 फीसदी), हिंडाल्को इंडस्ट्रीज (1.31 फीसदी), टाटा स्टील (0.96 फीसदी) और भारती एयरटेल (0.90 फीसदी) में सर्वाधिक तेजी देखी गई।
सेंसेक्स में गिरावट में रहने वाले शेयरों में हिंदुस्तान युनीलीवर (5.45 फीसदी), आईसीआईसीआई बैंक (4.21 फीसदी), एचडीएफसी बैंक (2.85 फीसदी), महिंद्रा एंड महिंद्रा (2.25 फीसदी) और टाटा मोटर्स (1.91 फीसदी) प्रमुख रहे।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी 20.05 अंक की तेजी के साथ 5763.30 पर खुला। निफ्टी ने 5801.55 के ऊपरी और 5680.65 के निचले स्तर को छुआ।
बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में भी गिरावट का रुख रहा। मिडकैप 29.56 अंक की गिरावट के साथ 7,222.79 पर और स्मॉलकैप 31.40 अंक की गिरावट के साथ 8,985.14 अंक पर बंद हुआ।
बीएसई के 13 में से तीन सेक्टरों उपभोक्ता टिकाऊ वस्तु (1.73 फीसदी), उपभोक्ता वस्तु (0.28 फीसदी) और बिजली (0.28 फीसदी) में तेजी रही। बैंकिंग (2.34 फीसदी), तेज खपत वाली उपभोक्ता वस्तु (1.67 फीसदी), स्वास्थ्य सेवा (1.25 फीसदी), रियल्टी (1.20 फीसदी) और वाहन (1.05 फीसदी) में गिरावट का रुख देखा गया।
बीएसई में कारोबार का रुझान नकारात्मक रहा। कुल 1207 शेयरों में तेजी और 1652 शेयरों में गिरावट रही, जबकि 148 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications