पूर्वोत्तर में विद्रोहियों की हिंसा फैलाने की कोशिश
अधिकारियों के मुताबिक गणतंत्र दिवस को देखते हुए सुरक्षा कारणों की वजह से 30 जनवरी तक इस क्षेत्र में रात के समय रेल सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं।
ऐसा माना जा रहा है कि गणतंत्र दिवस के मौके पर आयोजित होने वाले समारोहों में व्यवधान पैदा करने के लिए इन विद्रोहियों की ओर से इस तरह की कोशिशें की जा रही हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि जनजातीय विद्रोहियों ने उत्तरी कछार पर्वतीय जिले में माइग्रेनदिशा इलाके में मालगाड़ी को निशाना बनाकर रिमोट कंट्रोल से विस्फोट कर दिया।
रेलवे प्रवक्ता एस. हजोंग ने कहा, "विस्फोट की वजह से मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतर गया। इस हादसे में किसी के हताहत होने या किसी तरह के नुकसान का समाचार नहीं है।"
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि विद्रोहियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया है।
उधर, एक अन्य घटना के मुताबिक कारबी लिबरेशन पीपुल्स टाइगर (केएलपीटी) के विद्रोहियों ने कार्बी आंगलोंग जिले में बोकाजन के निकट मंगलवार तड़के एक बस पर हमला कर दिया। इस हमले में तीन लोग घायल हो गए।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि विद्रोहियों ने बस को रोकने की कोशिश की और जब वह इसमें नाकाम हो गए तो स्वचालित हथियारों से गोलीबारी शुरू कर दी।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस गुवाहाटी से मणिपुर जा रही थी।
इम्फाल जिले (पूर्व) के पुलिस प्रमुख राधेश्याम ने कहा, "गणतंत्र दिवस से पहले तलाशी अभियान के दौरान चार आतंकवादियों को पकड़ा गया है।"
गौरतलब है कि राज्य में सक्रिय छह विद्रोही संगठनों ने गणतंत्र दिवस के बहिष्कार का ऐलान किया है और 26 जनवरी को दोपहर एक बजे से 5.30 बजे तक आम हड़ताल की घोषणा की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications