मप्र में भाजपा का जिलास्तर पर धरना
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा के नेतृत्व में कार्यकर्ता भोपाल के सोमवारा क्षेत्र में धरने पर बैठे। पार्टी में इस बात को लेकर नाराजगी है कि पार्टी नेताओं को कश्मीर जाने से रोका जा रहा है और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की तिरंगा यात्रा में बाधायें खड़ी की जा रही हैं।
भोपाल में धरने में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पत्नी और महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष साधना सिंह, महापौर कृष्णा गौड़ सहित कई नेता शामिल थे।
भाजपा का कहना है कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है, लिहाजा लाल चौक पर तिरंगा फहराने से रोकना केंद्र की मंशा पर सवाल खड़े करता है। इस मुद्दे पर भाजपा ने केंद्र की जमकर आलोचना की है। भाजपा की प्रदेश इकाई द्वारा लिए गए फैसले के मुताबिक सभी 50 जिला मुख्यालयों पर पार्टी के कार्यकर्ता धरना दे रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि भाजपा ने तिरंगा यात्रा के तहत 26 जनवरी को श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराने का ऐलान किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications