तलवार खतरे से बाहर, हमलावर से पूछताछ जारी : पुलिस
गाजियाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रघुवीर लाल ने संवाददाताओं से कहा, "तलवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है। हमलावर की पहचान उत्सव शर्मा के रूप में की गई है। उससे पूछताछ चल रही है कि उसने तलवार पर हमला क्यों किया।"
लाल ने कहा, "उत्सव के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।"
"वह मानसिक तौर पर ठीक है। पूछताछ के दोर हमें पता लगा है कि वह दिमागी रूप से बीमार नहीं है।" रघुबीर ने बताया कि उत्सव वाराणसी के नवादा लंका इलाके का निवासी है और दो दिन पहले ही दिल्ली में एक मेले में शामिल होने आया था।
उत्सव द्वारा राजेश तलवार पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के बाद तलवार गम्भीर रूप से घायल हो गए थे। मंगलवार को उत्सव ने अदालत के बाहर सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में तलवार पर हमला किया।
उल्लेखनीय है कि 16 मई 2008 को नोएडा के जलवायु विहार अपार्टमेंट में तलवार दंपत्ति की बेटी 14 वर्षीया आरुषि का शव बरामद किया गया था। शुरुआत में तलवार दंपत्ति के घरेलू नौकर हेमराज को हत्या का संदिग्ध बताया गया था लेकिन एक दिन बाद ही हेमराज का शव भी छत से बरामद किया गया था।
इस हत्याकांड के बाद राजेश तलवार को गिरफ्तार किया गया था लेकिन उनके खिलाफ सबूत न होने की वजह से उन्हें छोड़ दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications