तिरंगा मामला : हिरासत में लिए गए नेता, टकराव की नौबत (राउंडअप)

जम्मू/पठानकोट/नई दिल्ली, 24 जनवरी (आईएएनएस)। श्रीनगर के लाल चौक पर गणतंत्र दिवस के मौके पर तिरंगा फहराने के मकसद से कोलकाता से चली भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) की 'राष्ट्रीय एकता यात्रा' को लेकर टकराव की स्थिति पैदा हो गई।

जम्मू एवं कश्मीर सरकार ने यात्रा को रोकने को लिए पूरी तरह से कमर कस ली है तो भाजपा कार्यकर्ता है कि पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।

यात्रा व समूचे जम्मू एवं कश्मीर में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस से पहले किसी आतंकी हमले की आशंका के मद्देनजर शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए सोमवार को हाई अलर्ट जारी किया गया।

जम्मू में खुफिया एजेंसी के सूत्रों ने बताया कि ऐसी रपटें मिली हैं कि 62वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा की किसी बड़ी आतंकी हमले को अंजाम देने की योजना है।

सूत्रों के अनुसार आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा कार बम या देसी बमों के जरिए खासतौर पर श्रीनगर में विस्फोट करने की फिराक में है।

एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया, "इसी वजह से राज्यभर में रेड अलर्ट जारी किया गया है।"

सूत्रों ने बताया कि राज्य के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला गणतंत्र दिवस से पहले सुरक्षा मामलों पर केंद्रीय गृहमंत्री पी. चिदम्बरम के साथ निरंतर सम्पर्क में हैं।

सूत्रों ने कहा कि श्रीनगर में गणतंत्र दिवस के मौके पर भाजपा की तिरंगा फहराने की योजना के किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भी सुरक्षा बन्दोबस्त कड़े कर दिए गए हैं।

श्रीनगर में एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "तिरंगा फहराने के लिए भाजपा कार्यकर्ता राज्य में प्रवेश न कर पाए इसलिए जम्मू एवं कश्मीर और पंजाब सीमा को सील कर दिया गया है।"

बहरहाल, इस यात्रा में शामिल होने के लिए सोमवार को एक विशेष विमान से जम्मू पहुचे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आला नेताओं सुषमा स्वराज, अरुण जेटली और अनंत कुमार को जम्मू हवाई अड्डे पर ही हिरासत में ले लिया गया। बाद में उन्हें पंजाब के माधोपुर शहर भेज दिया गया।

इस बीच यात्रा जारी रखने पर अड़े भाजयुमो की यात्रा आज पठानकोट पहुंच गई। राज्य की सीमा पर यात्रा के पहुंचने के मद्देनजर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

इस यात्रा के मंगलवार को लखनपुर के रास्ते जम्मू एवं कश्मीर की सीमा में प्रवेश करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। भाजयुमो कार्यकर्ताओं को राज्य में प्रवेश से रोकने के लिए वहां की राज्य सरकार ने बड़ी संख्या में लखनपुर में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर रखी है।

भाजपा के एक प्रवक्ता के मुताबिक भाजयुमो कार्यकर्ता मंगलवार को 11 बजे माधोपुर शहर में जन संघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की मूर्ति के समक्ष जुटेंगे और वहां से जम्मू की ओर कूच करेंगे।

इस यात्रा का नेतृत्व कर रहे भाजयुमो अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कहा, "कोई भी हमें तिरंगा फहराने से नहीं रोक सकता है क्योंकि हम एक स्वतंत्र देश में रह रहे हैं। हमारे इरादे राष्ट्रवादी हैं और हम शांति व कानून-व्यवस्था को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहते।"

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की ओर से जारी एक आदेश पर सुषमा स्वराज, अरुण जेटली और अनंत कुमार को जम्मू हवाई अड्डे पर हिरासत में लेकर पंजाब भेज दिया गया। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम से बातचीत के बाद यह कदम उठाया।

इस बीच, चिदम्बरम ने जेटली से फोन पर बातचीत की और उनसे जम्मू से दिल्ली वापस लौट आने को कहा।

केंद्रीय गृह मंत्रालय के एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया, "गृह मंत्री ने भाजपा नेता को कहा कि उन्होंने जम्मू पहुंचकर अपनी बात रख दी है और अब वापस दिल्ली लौट आइए।"

सूत्रों ने आईएएनएस को बताया है कि ये नेता देर रात माधोपुर पहुंचेंगे। भाजपा सांसद माधोपुर में इन नेताओं से मिलने के लिए रवाना हो चुके हैं।

तीनों नेता सोमवार अपराह्न् जम्मू पहुंचे। यहां से उनका श्रीनगर जाने का कार्यक्रम था लेकिन पुलिस ने उन्हें जम्मू हवाई अड्डे से बाहर जाने और शहर में प्रवेश करने से रोक दिया।

पुलिस अधिकारियों ने सुषमा, जेटली और अनंत से कहा कि शहर में उनके प्रवेश से समस्या पैदा हो सकती है।

इसके बाद बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता हवाई अड्डे पर जुट गए और अपने नेताओं को शहर में जाने की इजाजत देने की मांग करने लगे।

लगभग छह घंटे तक इन नेताओं को हवाई अड्डे पर रोके रखने के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

सुषमा इस दौरान ट्विटर के जरिए पल-पल की जानकारी सार्वजनिक करती रहीं। इसी क्रम में उन्होंने ट्वीट किया, "हमें गिरफ्तार कर लिया गया है और अलग-अलग कारों में ले जाया जा रहा है। कहां ले जाया जा रहा है कुछ पता नहीं।"

उन्होंने लिखा, "उन्होंने हमारे सामान ले लिए हैं और तीन अलग-अलग कारों में रख दिया है।"

इससे पहले उन्होंने लिखा, "जैसे ही हम जम्मू पहुंचे, हमने पाया कि टर्मिनल के दरवाजों को बंद कर दिया गया है। हमें बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने (पुलिस) हमें धारा 144 का हवाला दिया है। वे चाहते हैं कि हम वापस लौट जाएं।"

सुषमा ने आगे लिखा है, "हमारा अपराध क्या है? हम सिर्फ अपने राष्ट्रीय झंडे को फहराना चाहते हैं।"

पूर्व भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने इस सिलसिले में आज शाम राष्ट्रपति से बात की और उनसे इस मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।

राजनाथ ने एक बयान में कहा, "मैंने राष्टपति से आग्रह किया है कि शांति की चाहत में हमारी स्वतंत्रता को खतरे में न डाला जाए।"

तीनों नेताओं को जम्मू हवाई अड्डे पर रोके जाने के बारे में राष्ट्रपति को अवगत कराते हुए उन्होंने कहा, "आप तत्काल इस मामले में हस्तक्षेप करें।"

भाजपा ने यह आरोप भी लगाया कि केंद्र सरकार के इशारे पर तीनों नेताओं को जम्मू हवाई अड्डे पर रोका गया है।

भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने सोमवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा, "सुषमा, जेटली और अनंत को रोकने का निर्णय सिर्फ मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का नहीं है। यह भारत सरकार के निर्देश पर हुआ है।"

उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह देश में तनाव चाहती है और भ्रष्टाचार के आरोपों से ध्यान हटाने के लिए ऐसे कदम उठा रही है।

प्रसाद ने कहा, "न तो कांग्रेस, न पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी और न जम्मू एवं कश्मीर के अवाम से हमारा टकराव है। हमारा टकराव उन अलगाववादियों से है, जो तिरंगा फहराने का विरोध कर रहे हैं। लेकिन यह आश्चर्य की बात है को इस टकराव को कांग्रेस बनाम भाजपा का रूप दिया जा रहा है।"

कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा, "यात्रा के नाम पर यह भाजपा का राजनीतिक अवसरवादिता का गलत प्रदर्शन है।"

उन्होंने कहा, "क्या श्रीनगर भारत का अभिन्न अंग नहीं है। क्या जम्मू एवं कश्मीर भारत का हिस्सा नहीं है। क्या जरूरत है वहां तिरंगा फहराने की। यह मुजफ्फराबाद नहीं है, जहां तिरंगा फहराने की जरूरत है।"

तिवारी ने कहा कि भाजपा को अपनी इस यात्रा का समापन बेंगलुरू में करना चाहिए था, जहां भाजपा की अपनी सरकार है और कानून के मुताबिक काम नहीं कर रही है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+