छात्र नेता पर छात्रा को अगवा करने का आरोप
मेरठ, 24 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में समाजवादी पार्टी (सपा) के एक युवा छात्र नेता ने कथित तौर पर एलएलबी की एक छात्रा का बंदूक के बल पर अपहरण कर लिया और इस दौरान विरोध करने वाले परिजनों की अपने साथियों की मदद से पिटाई कर दी।
यह घटना जिले के नौचंदी थाना क्षेत्र के वैशाली नगर कालोनी की है, जहां छात्र नेता प्रसोनजीत गौतम अपने 16 साथियों के साथ एलएलबी (द्वितीय वर्ष) की छात्रा के घर में घुसकर उसे अगवा करके ले गया।
मेरठ के पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि पीड़त छात्रा के परिजनों ने जब आरोपी को रोकने का प्रयास किया तो उसने छात्रा के भाई के पैर में गोली मार दी और उसके पिता को पीटकर घायल कर दिया। दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है हालांकि हालत खतरे से बाहर है।
सिंह ने कहा कि घटना के दौरान आस-पास के लोगों ने आरोपी के एक साथी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था, जिसे हिरासत में लेकर संभावित ठिकानों के बारे में पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में पीड़त छात्रा से आरोपी छात्र नेता के पुराने प्रेम सम्बंध होने के भी संकेत मिले हैं, मामले की जांच की जा रही है।
छात्रा की मां का आरोप है कि आरोपी छात्र नेता उसकी बेटी सहित पूरे परिवार को पिछले काफी समय से परेशान कर रहा था और इस बाबत उन्होंने पुलिस से शिकायत भी की थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
वहीं इस मामले से पल्ला झ्झाड़ते हुए सपा की मेरठ जिला इकाई के अध्यक्ष जयवीर ने कहा कि गौतम को एक महीना पहले ही पार्टी से निकाल दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications