हजारों ने नम आंखों से दी भीमसेन को अंतिम विदाई
पुणे, 24 जनवरी (आईएएनएस)। शोकाकुल देश के हजारों संगीत प्रेमियों ने नम आंखों से भारत रत्न पंडित भीमसेन जोशी को अंतिम विदाई दी। जोशी के पार्थिव शरीर को यहां सोमवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ पवित्र अग्नि को समर्पित किया गया।
मानवता के सागर जोशी की अंत्येष्टि वैकुंठ शवदाह गृह में किया गया। लंबी बीमारी के बाद सोमवार सुबह उनका निधन हो गया था।
इससे पहले जोशी के पार्थिव शरीर को अस्पताल से उनके आवास 'कलाश्री' में लाया गया, जहां पुणे के हजारों निवासियों ने पं.जोशी को श्रद्धंजलि दी।
दोपहर बाद लगभग तीन बजे शहर के मध्य स्थित वैकुंठ शवदाह गृह के लिए उनकी अंतिम यात्रा शुरू हुई।
पं.जोशी की अंत्येष्टि के समय मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चह्वाण, राज्य के कई कैबिनेट मंत्री, केंद्रीय विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी.एस.येदियुरप्पा, संगीत जगत के की प्रमुख हस्तियां एवं हजारों संगीत प्रेमी मौजूद थे।
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार जो पुणे से ताल्लुक रखते हैं, इस अवसर पर नहीं पहुंच पाए, जबकि केंद्रीय गृह राज्यमंत्री गुरुदास कामत ने शोक-संतप्त परिवार के प्रति संवेदना संदेश भेजा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications