राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति से हटे कलमाडी, भनोट (लीड-2)
नई दिल्ली, 24 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्र सरकार ने राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी एवं उनके सहयोगी ललित भनोट को सोमवार को उनके पद से हटा दिया। केंद्र ने यह कदम पिछले वर्ष खेल आयोजन में भारी वित्तीय अनियमिताओं के आरोपों को देखते हुए उठाया है।
खेल एवं युवा मामलों के मंत्री अजय माकन ने कहा कि कलमाडी और आयोजन समिति के महासचिव भनोट पर पद छोड़ने के लिए तब दबाव दिया गया, जब भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कर रहे केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने चिंता जताई कि इन दोनों के पद पर बने रहने से निष्पक्ष जांच में बाधा पहुंच रही है।
पिछले सप्ताह नए खेल मंत्री नियुक्त हुए माकन ने कहा कि आयोजन समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जरनैल सिंह अध्यक्ष का प्रभार संभालेंगे।
माकन ने एक बयान में कहा, "केंद्र सरकार ने आज (सोमवार) कलमाडी और भनोट को तत्काल प्रभाव से हटाने का निर्णय लिया।"
उन्होंने कहा, "दोनों को हटाने का निर्णय चल रही सीबीआई जांच के कारण लिया गया। सीबीआई राष्ट्रमंडल खेल आयोजित करने वाले संगठन में भ्रष्टाचार एवं अनियतिताओं के आरोपों की जांच कर रहा है। उसने जांच में निष्पक्षता को लेकर चिंता प्रकट की थी। इसलिए निष्पक्ष एवं निर्बाध जांच को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया।"
माकन ने कहा, "कलमाडी से जरनैल सिह को कार्यभार सौंपने का निर्देश दिया गया है। सिंह आयोजन समिति के कार्यकारी मंडल के सदस्य भी हैं।"
उन्होंने कहा कि सरकार कलमाडी को भारतीय ओलंपिक खेल संघ के अध्यक्ष पद से भी हटाने के लिए 'वैधानिक सलाह' ले रही है।
माकन ने कहा कि दोनों आयोजन समिति से बाहर हो गए हैं, ताकि भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच में सीबीआई के सामने कोई अड़चन न रहे।
कलमाडी और भनोट को पिछले वर्ष तीन से 14 अक्टूबर तक राष्ट्रमंडल खेल आयोजन के तीन माह बाद भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण हटाया गया है।
ज्ञात हो कि सीबीआई ने कैबिनेट सचिव के.एम. चंद्रशेखर से कहा था कि कलमाडी और भनोट को हटाया जाना चाहिए, क्योंकि उनके पद पर बने रहने से जांच में अड़चन आ रही है।
उल्लेखनीय है कि सीबीआई ने राष्ट्रमंडल खेल आयोजन में कोष के दुरुपयोग सम्बंधी मामलों में तीन प्राथमिक सूचना रिपोर्ट (एफआरआई) दर्ज की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications