भाजपा की एकता यात्रा पठानकोट पहुंची
पठानकोट, 24 जनवरी (आईएएनएस)। श्रीनगर के लाल चौक पर गणतंत्र दिवस के मौके पर तिरंगा फहराने के मकसद से कोलकाता से चली भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) की 'राष्ट्रीय एकता यात्रा' विवादों के बीच सोमवार शाम पठानकोट पहुंच गई।
इस यात्रा के मंगलवार को लखनपुर के रास्ते जम्मू एवं कश्मीर की सीमा में प्रवेश करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। भाजयुमो कार्यकर्ताओं को राज्य में प्रवेश से रोकने के लिए वहां की राज्य सरकार ने बड़ी संख्या में लखनपुर में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर रखी है।
भाजपा के एक प्रवक्ता के मुताबिक भाजयुमो कार्यकर्ता मंगलवार को 11 बजे माधोपुर शहर में जन संघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की मूर्ति के समक्ष जुटेंगे और वहां से जम्मू की ओर कूच करेंगे।
इस यात्रा का नेतृत्व कर रहे भाजयुमो अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कहा, "कोई भी हमें तिरंगा फहराने से नहीं रोक सकता है क्योंकि हम एक स्वतंत्र देश में रह रहे हैं। हमारे इरादे राष्ट्रवादी है और हम शांति व कानून-व्यवस्था को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहते।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications