उत्तर भारत में कहीं सर्दी, कहीं धूप (राउंडअप)
दिल्ली सहित उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश में जहां धूप खिलने के कारण तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है वहीं जम्मू एवं कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में तापमान अभी भी हिमांक से काफी नीचे बना हुआ है।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में वृद्धि होने से लोगों को सर्दी से राहत मिली है। पर्वतीय इलाकों से आने वाली सर्द हवाओं में कमी और धूप खिलने से सर्दी का असर कम हुआ है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक मौसम यथावत रहेगा। न्यूतनतम तापमान में बढ़ोत्तरी होगी और अधिकतम तापमान सामान्य से आसपास रहेगा। उन्होंने कहा कि रात में ही सर्दी का प्रभाव रहेगा। दिन में धूप खिलने से सर्दी से काफी राहत मिलेगी।
सोमवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक था।
मध्य प्रदेश में सर्दी के कमजोर पड़ने के साथ धूप तीखी हो चली है। इतना ही नही प्रदेश के अधिकांश हिस्सों के तापमान में भी वृद्धि हो रही है और वहां का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है।
मैासम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के मुताबिक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान बढ़ा है। इसकी वजह पश्चिमी हवाओं का असर बढ़ना है। प्रदेश के चार प्रमुख शहरों ग्वालियर को छोड़कर भोपाल, इंदौर व जबलपुर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है।
प्रदेश के मौसम मे पिछले एक सप्ताह में तेजी से बदलाव आया है। अब आलम यह है कि सुबह गुनगुनी धूप राहत देती है, मगर दोपहर मे यही धूप चुभने लगती है। वहीं रात के वक्त सर्दी का असर बना हुआ है।
जम्मू एवं कश्मीर में बर्फीली हवाओं का असर बना हुआ है और लोगों को तुरंत इससे राहत मिलती नहीं दिख रही है। लद्दाख के लेह और कारगिल में तापमान क्रमश: शून्य से 20 डिग्री सेल्सियस और 19 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग एक अधिकारी ने बताया, " ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में सोमवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है।"
पहलगाम में तापमान शून्य से 10.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और गुलमर्ग में यह शून्य से 10.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
अधिकारी ने बताया, "शीतकालीन राजधानी जम्मू में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है।"
उन्होंने बताया कि मौसम की मौजूदा स्थिति से तुरंत राहत मिलने वाली नहीं है। घाटी भर में मंगलवार तक मौसम के शुष्क और सर्द रहने की संभावना है।
यातायात अधिकारियों ने बताया कि बनिहाल क्षेत्र में सड़क पर भारी फिसलन होने के कारण श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग पर सोमवार को जम्मू से श्रीनगर के लिए यातायात की अनुमति दी गई।
हिमाचल प्रदेश में तेज सर्द हवाओं का असर बरकरार है। लाहौल एवं स्पीति जिले के मुख्यालय केलांग में सोमवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 16.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किय गया। राजधानी शिमला में अधिकमत तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications