चिदम्बरम ने भाजपा नेताओं से दिल्ली लौटने को कहा
नई दिल्ली, 24 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम ने सोमवार शाम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली से फोन पर बातचीत की और उनसे जम्मू से दिल्ली वापस लौट आने को कहा।
श्रीनगर में तिरंगा फहराने के पार्टी के युवा मोर्चा के कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए जम्मू पहुंचे जेटली को लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज और महासचिव अनंत कुमार के साथ हवाई अड्डे से बाहर नहीं जाने दिया गया और वहीं रोके रखा गया।
केंद्रीय गृह मंत्रालय के एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया, "गृह मंत्री ने भाजपा नेता को कहा कि उन्होंने जम्मू पहुंचकर अपनी बात रख दी है और अब वापस दिल्ली लौट आइए।"
चिदम्बरम ने जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से भी बात की और भाजपा के तिरंगा फहराने के कार्यक्रम के सम्बंध में चर्चा की।
राज्य सरकार ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की राष्ट्रीय एकता यात्रा को इस भय के साथ अनुमति नहीं दी है कि इससे राज्य में एक बार फिर अशांति फैलेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications