भीमसेन जोशी के निधन से शोक में डूबा देश (लीड-2)
जोशी के निधन से हुई क्षति को उन्होंने हिन्दुस्तानी संगीत का सूर्यास्त बताया। राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री ने जोशी के निधन पर गहरा शोक जताया है।
जोशी को वर्ष 2008 में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' से सम्मानित किया गया था। उनके चिकित्सक अतुल जोशी ने बताया कि जोशी का निधन सुबह 8.05 बजे सहयाद्री अस्पताल में हुआ।
वह चार फरवरी को अपने जीवन का 89वां वर्ष पूरा करने वाले थे। वह कई बीमारियों से जूझ रहे थे और उन्हें किडनी से सम्बंधित बीमारियां भी थीं। उन्हें 31 दिसम्बर को सहयाद्री अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उन्हें 25 दिनों तक गहन चिकित्सा कक्ष में जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया।
अतुल जोशी ने आईएएनएस से कहा, "शनिवार शाम को उनकी स्थिति और खराब हो गई। तमाम प्रयासों के बाद भी उनकी स्थिति खराब होती गई और सुबह 8.05 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।"
जोशी के निधन के समय उनके निकट सम्बंधी और परिवार के सदस्य उनके पास मौजूद थे।
जोशी का आवास 'कलाश्री' नवी पीठ इलाके के मध्य में स्थित है। उनके आवास के बाहर लोग जोशी के अंतिम दर्शन के लिए एकत्र हुए।
पंडित जोशी के निधन पर राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील एवं प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित कई राजनेताओं ने जोशी को हिन्दुस्तानी संगीत के शिखरपुरुष की संज्ञा देते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
राष्ट्रपति पाटील ने अपने शोक संदेश में कहा, "उनके निधन से देश ने एक महान एवं लोकप्रिय शास्त्रीय गायक को खो दिया है।" उन्होंने जोशी को 'किराना घराना की खयाल गायकी के सर्वाधिक सम्मानित प्रतिनिधियों में से एक' बताया।
मनमोहन सिंह ने कहा कि वह शोक की इस घड़ी में दुनियाभर के उन संगीत प्रेमियों में शामिल हैं जिन्हें प्रतिष्ठित गायक जोशी के निधन से शोकाकुल हैं।
अपने शोक संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा, "जोशी के निधन से देश और संगीत संसार ने संगीत के एक शिखरपुरुष को खो दिया है। वह किराना घराना के सर्वाधिक प्रसिद्ध एवं निपुण प्रतिनिधि थे।"
उन्होंने कहा कि जोशी ने अपनी अनूठी गायन शैली एवं से हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत में नवचेतना का संचार किया। वह रागों पर अच्छी पकड़ थी।
सिंह ने कहा, "जोशी ने यह दिखा दिया कि संगीत किसी भाषा या संस्कृति की सीमा को नहीं मानता।"
प्रधानमंत्री ने कहा, "राष्ट्रीय एकता विषय पर आधारित उनकी प्रस्तुति 'मिले सुर मेरा तुम्हारा..' बहुत ही लोकप्रिय हुआ।'
जोशी को श्रद्धांजलि देने वालों में वरिष्ठ गायिका प्रभा अत्रे और अरुण दते, प्रख्यात सरोदवादक उस्ताद अमजद अली खान, प्रमुख गायिका शिवानी शिंदे, उपेंद्र भट्ट, आनंद भट्ट और मालिनी राजुरकर शामिल थे।
दते ने कहा, "पंडित जी भारतीय शास्त्रीय संगीत के खयाल गायकी के सबसे प्रमुख व्यक्ति थे। मैं उनके निधन से बहुत दुखी हूं।" प्रभा अत्रे ने जोशी को विश्व रत्न करार दिया।
पंडित जोशी का अंतिम संस्कार सोमवार को तीन बजे के बाद किए जाने की संभावना है।
जोशी के परिवार के एक सदस्य ने बताया, "राज्य के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के अंतिम संस्कार में शामिल होने की संभावना है।"
किराना घराने का शास्त्रीय संगीत सीखने वाले एक व्यक्ति ने कहा कि जोशी को 'खयाल', 'अभंग' तथा 'भजन' गायकी के लिए जाना जाता था।
सुविख्यात गायक पंडित जोशी के निधन पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी गहरा शोक प्रकट किया है।
भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने एक बयान जारी कर कहा, "दशकों से अपने मधुर एवं ओजस्वी स्वर से सभी को मंत्रमुग्ध कर देने वाले की आवाज अब कभी सुनाई नहीं देगी। यह विश्वास नहीं होता। उनके यूं चले जाने से लगता है कि संगीत के इंद्रधनुषी रंगों में से एक रंग लुप्त हो गया है।"
गडकरी ने कहा, "किराना घराना के पंडित भीमसेन जोशी ने 'मेरा' और 'तुम्हारा' सुरों को मिलाकर 'हमारा सुर' बनाया था। आज यही स्वर शांत हो गया है। उनके निधन से न केवल संगीत की दुनिया और उनके प्रशंसकों का चहेता चला गया है, अपितु भारत का रत्न भी हमसे दूर चला गया है।"
गडकरी ने कहा, "मैं उनके प्रति अपनी विनम्र श्रद्घांजलि अर्पित करता हूं, साथ ही उनके परिजनों तथा प्रशंसकों को इस असहनीय दु:ख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications