भीमसेन जोशी के निधन पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने जताया शोक
नई दिल्ली, 24 जनवरी (आईएएनएस)। प्रख्यात शास्त्रीय संगीत गायक और 'भारत रत्न' से सम्मानित पंडित भीमसेन जोशी के निधन पर राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील एवं प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित कई राजनेताओं ने जोशी को हिन्दुस्तानी संगीत के शिखरपुरुष की संज्ञा देते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। पुणे के एक अस्पताल में सोमवार सुबह जोशी का निधन हो गया।
राष्ट्रपति पाटील ने अपने शोक संदेश में कहा, "उनके निधन से देश ने एक महान एवं लोकप्रिय शास्त्रीय गायक को खो दिया है।" उन्होंने जोशी को 'किराना घराना की खयाल गायकी के सर्वाधिक सम्मानित प्रतिनिधियों में से एक' बताया।
मनमोहन सिंह ने कहा कि वह शोक की इस घड़ी में दुनियाभर के उन संगीत प्रेमियों में शामिल हैं जो प्रतिष्ठित गायक जोशी के निधन से शोकाकुल हैं।
अपने शोक संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा, "जोशी के निधन से देश और संगीत संसार ने संगीत के एक शिखरपुरुष को खो दिया है। वह किराना घराना के सर्वाधिक प्रसिद्ध एवं निपुण प्रतिनिधि थे।"
उन्होंने कहा कि जोशी ने अपनी अनूठी गायन शैली से हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत में नवचेतना का संचार किया। उनकी रागों पर अच्छी पकड़ थी।
सिंह ने कहा, "जोशी ने यह दिखा दिया कि संगीत किसी भाषा या संस्कृति की सीमा को नहीं मानता।"
प्रधानमंत्री ने कहा, "राष्ट्रीय एकता विषय पर आधारित उनकी प्रस्तुति 'मिले सुर मेरा तुम्हारा..' बहुत ही लोकप्रिय हुआ।'
उल्लेखनीय है कि जोशी को वर्ष 2008 में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' से नवाजा गया था। उनका निधन पुणे के सहयाद्री अस्पताल में सुबह 8.05 बजे हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications