धूमल ने सोलंग घाटी में किया रोप-वे का लोकार्पण
शिमला, 23 जनवरी (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री प्रो़ प्रेम कुमार धूमल ने रविवार को 36 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के तत्वावधान में सोलंग घाटी में निर्मित रोप-वे एवं स्की केंद्र का लोकार्पण किया। इससे सोलंग घाटी अब माउंट फातरू की ऊंची चोटियों से जुड़ जाएगी।
सोलंग नाला में एक जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रोप-वे के निर्माण से प्रदेश में गुणात्मक पर्यटन अधोसंरचना में एक और मील का पत्थर जुड़ा है, जिससे विश्वविख्यात पर्यटन स्थल कुल्लू-मनाली में पर्यटन विकास गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने स्की-हिमालय रोप-वे प्रा़ लिमिटिड द्वारा निजी क्षेत्र में पीपीपी मोड के अंतर्गत बूट आधार पर कार्यान्वित पहले रोप-वे के निर्माण के लिए प्रशंसा की तथा कहा कि इससे न केवल लोगों को प्राकृतिक सौंदर्य के अवलोकन का अवसर मिलेगा, बल्कि वे घाटी की तलहटियों में स्कीइंग का आनंद भी उठा सकेंगे।
प्रो़ धूमल ने कहा कि राज्य में प्लास्टिक एवं पॉलीथिन के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है, जिसकी हर तरह प्रशंसा हुई है। पॉलीथिन के उपयोग के दोषियों से सख्ती से निपटा जाएगा और उन पर जुर्माना लगाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे पर्यावरण मित्र आदतों को अपनाएं। उन्होंने स्थानीय लोगों को परामर्श दिया कि वे पर्यटकों को राज्य में अपनाए गए पर्यावरण मित्र उपायों के बारे में जानकारी दें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications