तिरंगा विरोधियों को पाकिस्तान भेजें : बजरंग दल
नई दिल्ली, 23 जनवरी (आईएएनएस)। बजरंग दल दिल्ली के संयोजक शैलेंद्र जायसवाल ने कहा है कि जम्मू एवं कश्मीर भारत का अभिन्न अंग होने के बावजूद वहां के लाल चौक पर तिरंगा झंडा फहराने से रोकना राष्ट्रद्रोह के बराबर है। इसलिए इसके विरोधियों को पाकिस्तान भेज देना चाहिए। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की शान है, बजरंग दल इस शान पर कभी आंच नहीं आने देगा।
दल के मीडिया प्रमुख विनोद बंसल ने बताया कि बजरंग दल दिल्ली के झण्डेवालान स्थित कार्यालय में रविवार को हुई बैठक में पारित प्रस्ताव में कहा गया है कि तिरंगे को फहराने से रोकना न सिर्फ निंदनीय है, बल्कि एक राष्ट्रद्रोही कृत्य भी है। भारत की युवा शक्ति के देशभक्ति के जुनून को रोकना किसी भी सरकार के बस की बात नहीं है।
उन्होंने बताया कि प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री और उनकी सरकार में शामिल कांग्रेस के मंत्रियों को देश के विविध भागों से तिरंगा फहराने के लिए श्रीनगर पहुंच रहे युवकों का विरोध करने की बजाय उनकी अगवानी कर भव्य समारोह में शामिल होना चाहिए।
इंडो-एशयन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications