देश का समग्र विकास तभी जब कोई बीपीएल न रहे : मीणा
जयपुर, 23 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री नमोनारायण मीणा ने कहा कि देश के समग्र विकास के लिए आवश्यक है कि देश में कोई भी बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) न रहे। जरूरत इस बात की है कि प्रत्येक गांव में बैंक हो, लोग बचत करना सीखें, ताकि देश में हर व्यक्ति स्वाभिमान से जीते हुए अपना विकास स्वयं कर सके।
मीणा ने शनिवार को उदयपुर में आस्था क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी की नई शाखा के शुभारंभ अवसर पर ये विचार प्रकट किए।
उन्होंने कहा कि 1947 में जहां देश में 2800 बैंक थे, वहीं वर्ष 2010 में 86 हजार बैंक हो गए हैं। अभी भी देश में 73 हजार गांव ऐसे हैं, जहां बैंक नहीं हैं और राजस्थान में ऐसे 3 हजार 911 गांव हैं। इन सबमें 2012 तक बैंक खोलने की योजना विचाराधीन है, लेकिन मुख्य बात यह है कि असंगठित क्षेत्र के लोगों को स्वावलंबन पेंशन स्कीम से जोड़ा जाए, ताकि उनकी बचत के साथ सरकार भी अपनी ओर से उन्हें सहयोग राशि प्रदान कर उन्हें विकास की धारा में अग्रगामी बना सके।
समारोह में सांसद रघुवीर मीणा ने कहा कि निचले तबके के लोग अपनी छोटी-छोटी कमाई से अर्जित पैसे को बचाते हुए सोसायटी के माध्यम से अपना जीवन स्तर ऊंचा कर सकेंगे।
इस अवसर पर वल्लभनगर के विधायक गजेंद्र सिंह शक्तावत ने कहा कि युवाओं ने मिलकर अपनी शक्ति का उपयोग सोसायटी की स्थापना के रूप में की है। गरीबों की सेवा के लिए बनी इस सोसायटी में छोटे-छोटे उपभोक्ता इसमें धन संचित कर अच्छा ¶ाभ कमाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications