मेट्रो स्टेशनों की स्वच्छता से श्रीधरन खुश
नई दिल्ली, 23 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली मेट्रो के प्रमुख श्रीधरन ने कहा कि वह मेट्रो स्टेशनों पर अनुशासन और स्वच्छता से खुश हैं।
श्रीधरन ने आईएएनएस को दिए एक साक्षात्कार में रेखांकित किया कि वांछित परिणाम हासिल करने के लिए पर्याप्त उपाय किए गए हैं।
उन्होंने कहा, "ऐसा स्वत: नहीं हुआ है। लोगों और हमारे कर्मियों को प्रशिक्षत करने के लिए पर्याप्त उपाय किए गए हैं। हमने स्वच्छता और रखरखाव पर काफी खर्च किए हैं। एक संस्कृति विकसित होनी चाहिए कि कम से कम स्टेशन और मेट्रो रेलगाड़ी की स्वच्छता कायम रखनी है। यह लगातार चलते रहने वाली प्रक्रिया है।"
उन्होंने कहा, "इसमें यदि आपने थोड़ी भी ढिलाई बरती तो स्वच्छता कायम नहीं रह पाएगी। हम इसमें ढिलाई की इजाजत नहीं देंगे। मैं औचक दौरा करता हूं और अनुशासनात्मक कार्रवाई करता हूं।"
उन्होंने बताया कि मेट्रो परिसर में गंदगी फैलाने पर नवम्बर, 2008 से लेकर दिसम्बर, 2010 तक कम से कम 12,771 यात्रियों पर जुर्माना लगाया गया है। उन सभी पर कुल 26.42 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
ज्ञात हो कि मेट्रो परिसर में थूकना, उत्पात मचाना और मेट्रो सम्पत्ति की सूरत बिगाड़ना प्रतिबंधित है।
मेट्रो अधिकारियों के अनुसार थूकने पर 4,616 लोगों, मेट्रो सम्पत्ति की सूरत बिगाड़ने पर 1,510 लोगों तथा मेट्रो रेलगाड़ी के फर्श पर बैठने पर 456 लोगों के खिलाफ जुर्माना किया गया।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली मेट्रो से प्रतिदिन करीब 16 लाख लोग सफर करते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications